भारत फिर दुनिया के टॉप-15 कोरोना संक्रमित देशों की सूची में शामिल; महाराष्ट्र समेत 9 राज्यों में एक्टिव केस फिर बढ़े

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। कोरोना पर परेशान करने वाली खबर है। देश एक बार फिर दुनिया के उन 15 देशों की सूची में शामिल हो गया है, जहां कोरोना के सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। मतलब ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है, बाकी या तो ठीक हो चुके हैं या फिर उनकी मौत हो गई है।

भारत इस सूची में 15वें नंबर पर आ गया है। 30 जनवरी को पुर्तगाल, इंडोनेशिया और आयरलैंड को पीछे छोड़ते हुए 17वें नंबर पर पहुंच गया था। तब उम्मीद थी कि जल्द ही दुनिया के टॉप-20 संक्रमित देशों की सूची से भी बाहर हो सकता है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में एक्टिव केस फिर से बढ़ने लगे। इसकी वजह से भारत अब फिर दुनिया के सबसे संक्रमित देशों में शामिल हो गया।

अमेरिका, फ्रांस और यूके में भी हालत खराब

एक्टिव केस के मामले में अमेरिका पहले नंबर पर है। यहां अभी 92 लाख से ज्यादा मरीजों का इलाज चल रहा है। फ्रांस में 32 लाख और यूके में 16 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। इसके अलावा इस सूची में ब्राजील, बेल्जियम, स्पेन, इटली, रूस, मैक्सिको, पोलैंड, आयरलैंड, इंडोनेशिया, अर्जेंटिना और भारत भी शामिल हैं।

9 राज्यों और यूटी में फिर बढ़े एक्टिव केस

शनिवार को देश में 13 हजार 919 नए मरीज मिले। 11 हजार 412 लोग ठीक हुए और 89 की मौत हो गई। इस तरह से ओवरऑल एक्टिव केस में 2486 की बढ़ोतरी दर्ज हुई। 9 राज्य और केंद्र शासित राज्य ऐसे रहे जहां, ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा नए मरीजों की संख्या बढ़ी है। इनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, पुडुचेरी, त्रिपुरा और चंडीगढ़ शामिल हैं।

अब तक 1.09 करोड़ केस

देश में अब तक 1 करोड़ 9 लाख 91 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 6 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 56 हजार 339 मरीजों की मौत हो गई। अभी 1 लाख 42 हजार 691 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।