बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र के ग्राम जांता में दशहरा के दिन सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesबेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र के ग्राम जांता में दशहरा के दिन सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी का मामला सामने आया है। परिवार साजा में दशहरा मेला देखने गया था। इसी दौरान चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले गए। पीड़ित प्रेमलाल साहू ने चोरी गए सामान की कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपए बताई है, जबकि FIR में चोरी गई संपत्ति का मूल्य करीब 95 हजार रुपए दर्ज होने की बात सामने आई है।

पीड़ित परिवार ने सामान का उचित मूल्यांकन कराने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुराग तलाशने के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली गई है।

प्रेमलाल साहू के मुताबिक, 20 अक्टूबर की रात वह पत्नी, बेटियों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ साजा में दशहरा मेला देखने गया था। घर से निकलते समय मुख्य गेट और कमरे में ताला लगाया था। रात करीब 9:45 बजे परिवार लौटा तो कमरे के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर रखी लोहे की गोदरेज अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था।

अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 5 हजार रुपए नकद गायब थे। इसके बाद परिवार ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

तीन तोला सोना और 15 तोला चांदी चोरी

पीड़ित का कहना है कि घर से करीब तीन तोला सोना, 12 से 15 तोला चांदी के जेवरात और 5 हजार रुपए नकद चोरी हुए हैं। चोरी गए सामान में सोने का नेकलेस, सोने की पत्तियां और अन्य आभूषणों के साथ चांदी की चेन, अंगूठियां, बाजूबंद, सिक्का और अन्य सामान शामिल हैं।

प्रेमलाल के अनुसार, इन सभी सामानों की कुल कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपए है। पीड़ित ने FIR में दर्ज करीब 95 हजार रुपए के मूल्यांकन पर असंतोष जताया है। उसका कहना है कि चोरी गए सभी जेवरात की सूची तैयार कर उनकी कीमत का उचित आकलन किया जाना चाहिए, ताकि वास्तविक नुकसान सामने आ सके। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक मात्रा और कीमत की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पड़ोसी के कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का ताला भी टूटा

पीड़ित के अनुसार, वारदात के दौरान पड़ोसी कुशल साहू के कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के दरवाजे का ताला भी तोड़ा गया था। इससे इलाके में चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रेमलाल को आशंका है कि वारदात में आसपास के किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

डॉग स्क्वॉड की मदद से सुराग तलाश रही पुलिस

चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दशहरा के अगले दिन घटनास्थल पर पहुंची डॉग स्क्वॉड की टीम ने खोजी कुत्ते की मदद से आरोपियों का सुराग तलाशने का प्रयास किया। फिलहाल, मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी या चोरी गए सामान की बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई है।

थाना प्रभारी बोले- मामले की जांच जारी

साजा थाना प्रभारी चंद्रदेव वर्मा ने बताया कि ग्राम जांता निवासी प्रेमलाल साहू के घर दशहरा के दिन चोरी हुई थी। पीड़ित परिवार मेला देखने साजा आया था। रात करीब 10 बजे थाने में घर में चोरी होने की सूचना मिली। पुलिस ने सोने-चांदी के जेवरात और 5 हजार रुपए नकद चोरी होने के संबंध में अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।