कोरबा में रविवार दोपहर मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास एक गैरेज में रिपेयरिंग के दौरान पल्सर बाइक में अचानक आग लग गई

Chhattisgarh Crimesकोरबा में रविवार दोपहर मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास एक गैरेज में रिपेयरिंग के दौरान पल्सर बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बाइक मालिक और मिस्त्री समेत वहां मौजूद लोग घबरा गए।

गनीमत रही कि आग गैरेज और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों तक नहीं पहुंची। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बाइक पूरी तरह जल गई। यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी। इसके बाद मालिक किसी तरह धक्का देकर बाइक को गैरेज तक लाया था। मिस्त्री बाइक की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान किक मारते ही अचानक चिंगारी निकली और बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरी बाइक में फैल गई।

आग को गैरेज और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों तक फैलने से रोकने के लिए मिस्त्री ने जलती हुई बाइक को किसी तरह गैरेज से बाहर निकालकर सड़क पर रख दिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना दमकल वाहन और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई।

स्थानीय जनप्रतिनिधि और पूर्व पार्षद शैलेंद्र सिंह उर्फ पप्पी ने बताया कि बाइक में पूरी तरह आग लग चुकी थी। आग बुझाने के लिए दमकल वाहन बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बाइक में पेट्रोल का रिसाव हो रहा था। आशंका है कि रिपेयरिंग के दौरान किक मारने पर निकली चिंगारी से आग लग गई। हालांकि, आग लगने का सही कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक में अचानक आग लगने से मिस्त्री भी इसकी चपेट में आ सकता था। हालांकि, समय रहते जलती बाइक को गैरेज से बाहर निकाल दिया गया, जिससे दुकान और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों को नुकसान होने से बच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।