रायगढ़ जिले में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर रेप करने और 4.50 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर रेप करने और 4.50 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक, आरोपी ने अलग-अलग समय पर उससे पैसे लिए। बाद में शादी करने और पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 23 सालकी युवती ने शुक्रवार को घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि अक्टूबर 2025 में स्नैपचैट के जरिए उसकी पहचान 21 साल के पंकज चौहान, निवासी ग्राम अमलीडीह से हुई थी।

इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी और मुलाकातें भी होने लगीं। 31 दिसंबर 2025 को पंकज ने युवती को फोन कर प्रेम का इजहार किया और शादी करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने युवती को अपने घर ग्राम अमलीडीह बुलाया।

आरोप है कि वहां पंकज ने शादी का वादा कर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी उसने कई बार शादी का भरोसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान अलग-अलग समय पर उससे करीब 4 लाख 50 हजार रुपए भी लिए।

शादी और पैसे लौटाने से किया इनकार

युवती के मुताबिक, सितंबर 2026 में उसे पैसों की जरूरत पड़ी तो उसने पंकज से अपने रुपए वापस मांगे और शादी करने के लिए कहा। इस पर आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में उसने पैसे लौटाने और शादी करने, दोनों से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया। उसने घटना में इस्तेमाल किया गया आईफोन भी पेश किया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर होगी कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस महिलाओं के खिलाफ अपराधों को गंभीरता से लेती है। पीड़िताओं की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। इस मामले में शादी का झांसा देकर अपराध करने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है