छत्तीसगढ़ में चक्रवात के असर से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए जिला कलेक्टर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर सकेंगे

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में चक्रवात के असर से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए जिला कलेक्टर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर सकेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को यह अधिकार दिया है। वे अपने जिले में मौसम की स्थिति और जरूरत के हिसाब से फैसला ले सकेंगे। यह आदेश सरकारी और निजी दोनों स्कूलों पर लागू होगा।

स्थानीय हालात के हिसाब से ले सकेंगे फैसला

स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव ने 27 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि मौसम विभाग ने चक्रवात के कारण प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। ऐसे में संभावित आपात स्थिति को देखते हुए कलेक्टर अपने जिले के हालात का आकलन कर सकेंगे।

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए फैसला

आदेश के मुताबिक, स्कूलों में छुट्टी घोषित करने का फैसला स्थानीय परिस्थितियों और जरूरतों के आधार पर लिया जाएगा। यानी जिन जिलों में मौसम के कारण बच्चों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है, वहां कलेक्टर स्कूलों में अवकाश घोषित कर सकेंगे। फिलहाल आदेश में पूरे प्रदेश के स्कूलों के लिए एक साथ छुट्टी घोषित नहीं की गई है।