बिलासपुर के नेहरू चौक के पास मंगलवार की रात तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के नेहरू चौक के पास मंगलवार की रात तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे नाले से बाहर निकालकर सिम्स पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। सकरी क्षेत्र के गोकुलधाम का निवासी मनीष कुमार सेंद्रे (30) मूल रूप से मुंगेली जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र का रहने वाला था। मंगलवार (27 अक्टूबर) को वह काम के सिलसिले में सरकंडा क्षेत्र के ग्राम लगरा गया था। वहां से देर रात अपनी बाइक से घर लौट रहा था।

मनीष कुमार सेंद्रे रात करीब 1 बजे नेहरू चौक के पास पहुंचा था, तभी उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे नाले में जा गिरी। इस हादसे में मनीष को गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल युवक को नाले से बाहर निकालकर फौरन इलाज के लिए सिम्स ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पीएम के बाद परिजन को सौंपा शव

बुधवार को सिम्स अस्पताल में युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान हादसे की खबर मिलते ही युवक के परिजन अस्पताल पहुंच गए थे।

शव का पंचनाम और पीएम के बाद पुलिस ने उसे परिजन को सौंप दिया है। वहीं, पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।