छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित बाफना हाउस में 21 साल की युवती का शव फंदे से लटका मिला था

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित बाफना हाउस में 21 साल की युवती का शव फंदे से लटका मिला था। अब इस मामले में परिवार वालों ने रेप के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है।

उनका दावा है कि हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया। युवती की चाची के मुताबिक अंतिम संस्कार से पहले शव को नहलाते समय शरीर पर कई जगह चोट और नोचने के निशान दिखाई दिए थे।

चाची के मुताबिक, प्राइवेट पार्ट के पास सूजन थी और वहां रुई भी मिली थी। इन आरोपों के बाद परिवार और वार्ड के लोगों में आक्रोश है। मंगलवार को लोगों ने युवती की तस्वीर लेकर रैली निकाली और न्याय की मांग की।

आक्रोशित भीड़ बाफना हाउस पहुंची और बाहर रखे गमले तोड़ दिए। परिजनों ने बाफना हाउस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कराने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक, युवती 21 अक्टूबर से जगदलपुर के बाफना हाउस में काम करने जा रही थी। यहां कपड़े और ज्वेलरी का कारोबार होता है। पेरेंट्स के मुताबिक, यह बाफना हाउस पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष बाफना का है।

2 दिन पहले यानी 2 नवंबर को बाफना हाउस में युवती का शव जमीन पर पड़ा मिला था। उसके गले में चुन्नी का टूटा हुआ फंदा था। चुन्नी का आधा हिस्सा लटक रहा था।

घटना के बाद से ही परिजन युवती की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं। उन्होंने रेप के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

शाम को फोन पर हुई बात, रात तक घर नहीं लौटी

मौसी के मुताबिक, शव मिलने से 1 दिन पहले शाम करीब 6 से 6:30 बजे युवती की परिजनों से फोन पर बात हुई थी। उस समय उसने कहा था कि अभी बात नहीं कर सकती, बाद में बात करूंगी। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया।

परिजनों का कहना है कि रात करीब 9:30 बजे तक युवती घर नहीं पहुंची तो उन्होंने स्टाफ से जानकारी ली। स्टाफ ने बताया कि वह शाम करीब 6:30 बजे से गायब है और उसका मोबाइल शॉप में ही छूट गया है। इसके बाद स्टाफ के लोग मोबाइल लेकर घर पहुंचे।

परिजन बाफना हाउस पहुंचे, लेकिन शॉप बंद मिला। अगले दिन यानी 2 नवंबर की सुबह वे दोबारा वहां पहुंचे। ऊपर जाकर देखा तो युवती का शव फंदे से लटका मिला।