रायपुर में ओडिशा से गांजा लाकर बेचने की तैयारी कर रहे उत्तर प्रदेश के एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 3 किलो 710 ग्राम गांजा मिला है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 85 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी गांजा को बैग में चार अलग-अलग पैकेट में रखकर ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आनंदम स्कूल के पास नहरपारा रोड पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा।
गंज थाना पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आनंदम स्कूल के पास नहरपारा रोड पर एक युवक लाल रंग की फुलशर्ट और काली पैंट पहने हुए है। उसके पास लेदर का बैग है, जिसमें ओडिशा से लाया गया गांजा रखा है। वह रायपुर में इसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
गंज थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि आरोपी शिवम मिश्रा (26), पिता छैल बिहारी मिश्रा, निवासी ग्राम उमरिया, थाना इटवा, जिला सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश) के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 323/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया है।
बैग की तलाशी में मिले गांजे के 4 पैकेट
पुलिस ने पकड़े गए युवक की पहचान शिवम मिश्रा (26) के रूप में की है। वह उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र के उमरिया गांव का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके लेदर बैग से चार सफेद झिल्लियों में गांजा मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर कुल वजन 3 किलो 710 ग्राम निकला। इसकी कीमत करीब 1 लाख 85 हजार रुपए आंकी गई है।