रायगढ़ में पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले दो गिरोहों का पर्दाफाश किया है। एक गिरोह चोरी की बाइक को जंगल में ले जाकर पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपाता था। वहीं, दूसरे गिरोह के आरोपी चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की 10 बाइक और 2 मोबाइल बरामद किए हैं।
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में बीएस कंपनी कॉलोनी तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल ने अपनी बजाज पल्सर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाइक की कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपए बताई गई है। उसने 30 अक्टूबर की शाम बाइक कमरे के सामने खड़ी की थी। कुछ देर बाद बाइक गायब मिली।
इसी दौरान एक गुम मोबाइल की लोकेशन बंजारी मंदिर जंगल में मिली। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि तांबा चोरी के मामले में जेल से छूटा राजू चौहान अपने साथियों के साथ फिर सक्रिय है।
6 आरोपी पकड़े गए, 9 बाइक और 2 मोबाइल बरामद
संदेह के आधार पर पुलिस ने राजू चौहान (22), लक्की सिदार (19), राजेश श्रीवास (21), बीर सिंह उर्फ लाल सिंह (20), सूर्यदेव राम (18) और एक नाबालिग को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में बाइक और मोबाइल चोरी करने की योजना बनाकर वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों ने बताया कि वे रात में घूमकर बाइक चोरी करते थे और उन्हें जंगल में ले जाकर पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे। उन्होंने तराईमाल स्थित बीएस कंपनी कॉलोनी और उर्दना क्षेत्र से 9 बाइक और 2 मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 6 लाख 12 हजार रुपए कीमत की 9 बाइक और 2 मोबाइल बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इन बाइकों पर पूंजीपथरा और कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पहले भी चोरी के मामलों में शामिल रहे आरोपी
बरामद वाहनों में बजाज पल्सर, हीरो फैशन प्रो, स्कूटी, प्लेटिना, यामाहा R15, सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर NXG और टीवीएस विक्टर शामिल हैं।
पुलिस ने सुनियोजित तरीके से मिलकर चोरी की वारदातें करने के आरोप में केस में BNS की धारा 112(2) भी जोड़ी है। गिरफ्तार आरोपियों में राजू चौहान और राजेश श्रीवास का पहले भी बाइक और तांबा चोरी के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
चोरी की पल्सर बेचने ग्राहक तलाश रहे थे
लैलूंगा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्राम सराईटोला, जिला जशपुर निवासी पुरुषोत्तम पैकरा ने 29 अक्टूबर को अपनी पल्सर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उसने बताया कि 26 अक्टूबर को ग्राम राताखण्ड मेन रोड के किनारे बाइक खड़ी कर कुछ देर के लिए गया था। वापस लौटा तो मोटरसाइकिल गायब थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम राजपुर निवासी अनिश यादव (22) और पहाड़ लुडेग निवासी निलेश यादव (22) चोरी की बाइक अपने पास रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने बाइक बेचने की नीयत से उसके कुछ पार्ट्स बदलकर मॉडिफाई करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपए कीमत की चोरी की पल्सर बरामद की। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस ने दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश कर 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वाहन चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।