छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में दीपावली के दौरान ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात हुई है। संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर आईं महिलाओं ने 1 किलो से ज्यादा सोने के जेवरों से भरा डिब्बा चोरी कर लिया। दुकान मालिक के मुताबिक, जेवरात की कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपए से ज्यादा है।
बताया जा रहा है कि महिलाओं ने दुकानदार का ध्यान भटकाकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस महिलाओं की पहचान करने में जुट गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
ग्राहक बनकर पहुंचीं महिलाएं, नजर बचाकर डिब्बा उठाया
जानकारी के मुताबिक, महिलाएं बच्चों के साथ ग्राहक बनकर मोती ज्वेलर्स पहुंचीं। उन्होंने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को व्यस्त रखा। इसी दौरान दुकानदार का ध्यान दूसरी ओर जाते ही एक महिला ने सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा उठाकर अपने झोले में रख लिया। इसके बाद सभी महिलाएं वहां से निकल गईं।
दुकान संचालक ने बताई 1.74 करोड़ से ज्यादा की कीमत
दुकान संचालक के मुताबिक, चोरी हुए डिब्बे में करीब 1 किलो से ज्यादा के सोने के आभूषण थे। इनकी कीमत 1 करोड़ 74 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। हालांकि, चोरी हुए आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हुआ है।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
वारदात की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर महिलाओं और उनके साथ मौजूद बच्चों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस ने दुकान संचालक से आभूषणों के बिल मांगे हैं। बिल के आधार पर ही चोरी हुए सोने की मात्रा और कीमत का मिलान किया जाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी महिलाएं कहां की रहने वाली हैं।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि मोती ज्वेलर्स में चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी