रायगढ़ जिले में दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उससे कार खरीदने के लिए 2 लाख रुपए मांग रहे थे।
मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। मर्ग जांच में इसका खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की है।
पढ़िए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, ग्राम जैमुड़ा निवासी नीता पटेल (34) ने 19 अक्टूबर की दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान विवाहिता की मौत से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। पता चला कि नीता की शादी करीब तीन साल पहले ग्राम जैमुड़ा निवासी बंधुराम पटेल के बेटे राकेश पटेल (34) से सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी।
शादी के एक साल बाद से करने लगे थे प्रताड़ित
शादी के करीब एक साल बाद से ही पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल (52) और ससुर बंधुराम पटेल (56) कम दहेज लाने और मोटरसाइकिल नहीं देने की बात कहकर नीता से विवाद करते थे। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
कार खरीदने के लिए मांगे 2 लाख रुपए
करीब चार-पांच महीने पहले ससुराल पक्ष ने कार खरीदने के लिए 2 लाख रुपए की मांग की थी। इस बात को लेकर भी नीता के साथ विवाद और मारपीट की गई थी। लगातार हो रही दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर उसने 19 अक्टूबर को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मायके पक्ष के बयान से हुआ प्रताड़ना का खुलासा
विवाहिता की मौत के बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ने पंचनामा कार्रवाई कराई और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगना बताई गई।
मर्ग जांच के दौरान मायके पक्ष के परिजनों के बयान लिए गए। उनके बयानों से पता चला कि पति, सास और ससुर दहेज की मांग को लेकर नीता को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या की।
पति, सास और ससुर गिरफ्तार कर जेल भेजे गए
जांच के बाद पुलिस ने बुधवार को पति, सास और ससुर के खिलाफ धारा 80, 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर शनिवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
महिलाओं के खिलाफ अपराध पर होगी कड़ी कार्रवाई
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और दहेज प्रताड़ना के मामलों में पुलिस संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।
महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में मृतिका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार किया गया है।