बालोद जिले के आडेझर गांव में शराब के नशे में दामाद ने अपने मामा ससुर की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesबालोद जिले के आडेझर गांव में शराब के नशे में दामाद ने अपने मामा ससुर की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। 60 वर्षीय रत्तीराम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे की है।

आरोपी सुखराम नेताम नशे में अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था। इस दौरान बिस्तर पर लेटे रत्तीराम ने उसे टोका और चुप रहने को कहा। इससे नाराज होकर सुखराम ने उन पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए।

घटना के बाद आरोपी की पत्नी ने आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना महामाया थाना क्षेत्र की है।

पत्नी से विवाद के दौरान मामा ससुर ने टोका

जानकारी के अनुसार, आडेझर निवासी 60 वर्षीय रत्तीराम घटना के समय घर में बिस्तर पर लेटे थे। इसी दौरान घर जमाई सुखराम नेताम शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद करने लगा।

शोर सुनकर रत्तीराम ने उसे टोका और चुप रहने को कहा। इससे सुखराम नाराज हो गया और उसने टंगिया से रत्तीराम पर कई वार कर दिए। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने आरोपी को बिजली के खंभे से बांधा

हमले के बाद आरोपी की पत्नी ने आसपास के ग्रामीणों को जगाया। ग्रामीणों ने गाली-गलौज कर रहे सुखराम को पकड़ लिया और बिजली के खंभे से बांध दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी मिलते ही महामाया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

दल्लीराजहरा सीएसपी विकास पाटले ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी घर जमाई था। इसी बात पर मामा ससुर उसे ताना देते थे।

शनिवार देर रात शराब के नशे में पत्नी से विवाद के दौरान मामा ससुर ने भी उसे टोका। इससे नाराज होकर उसने टंगिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।