छत्तीसगढ़ से नक्सली खत्म, लेकिन निशानियां अब भी बाकी; लगातार दूसरे दिन भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

इससे पहले सुरक्षा बलों ने उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ियों के पास माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर शेल बरामद किए थे।

 

Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/छत्तीसगढ़ क्राइम्स। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटकों और उनसे जुड़ी सामग्री के साथ 900 से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक एवं नॉन-इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर बरामद किए हैं। इस बारे में अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह बरामदगी एक दिन पहले सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए एक संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान हुई।

उन्होंने बताया कि यह अभियान उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुजारीकांकेर गांव के पास पहाड़ी और जंगली इलाके में चलाया गया था, इसके लिए खुफिया जानकारी सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन की खुफिया शाखा से मिली थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान पुजारी कांकेर के दक्षिण-पूर्व दिशा में जंगल क्षेत्र में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया संदिग्ध डंप बरामद हुआ। जब डंप की तलाशी ली गई तब वहां से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।

■ शुक्रवार को बरामद हुआ इतना सामान

अधिकारियों ने बताया कि बरामद की गई वस्तुओं में 455 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 500 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, दो मल्टीमीटर, दो रेडियो सेट बैटरी चार्जर कप, दो कॉपर प्रोटोटाइपिंग बोर्ड, एक मल्टी-यूएसबी पोर्ट कार्ड रीडर, एक मोबाइल चार्जर, एक लैपटॉप अडॉप्टर, 12वोल्ट F/AM रिट्रैक्टेबल पावर एंटीना, एक टेलीस्कोपिक एंटीना, लगभग 8 मीटर इलेक्ट्रिक तार, एक रिले कंट्रोल सर्किट बोर्ड, एक डेटा केबल (टाइप-बी) और नक्सली साहित्य शामिल हैं।

■ गुरुवार को मिले थे 711 BGL शेल

इससे पहले सुरक्षा बलों ने गुरुवार को उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ियों के पास माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 711 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल) शेल बरामद किए थे। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने सभी विस्फोटकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों और सावधानियों का पालन करते हुए सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में ले लिया।