बिलासपुर में मेडिकल पीजी में दाखिला दिलाने के नाम पर डॉक्टर दंपती से 28 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। कोलकाता की इनफिनिटी संस्था के संचालक निर्मल्या नाग ने डॉक्टर के बेटे को नेपाल के मेडिकल कॉलेज में एमडी रेडियोलॉजी की सीट दिलाने का दावा किया था। इसके लिए उसने 28 लाख रुपए लिए। संस्था की ओर से प्रवेश की पुष्टि करते हुए प्रोविजनल एडमिशन लेटर भी भेजा गया, लेकिन बेटे का दाखिला नहीं हुआ। डॉक्टर दंपती ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने किश्तों में पैसे लौटाने का आश्वासन दिया। इस दौरान कई चेक बाउंस हो गए। करीब 5 साल में आरोपी ने सिर्फ 13.75 लाख रुपए ही लौटाए।
डॉक्टर दंपती की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। टीआई रविशंकर तिवारी ने बताया कि समाधान नर्सिंग होम की संचालक डॉ. गौरी दत्त (72) ने 5 नवंबर को सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि उनका बेटा स्नेहाशीष दत्त महाराष्ट्र के अमरावती स्थित पंजाबराव देशमुख मेडिकल कॉलेज से 2019-20 में एमबीबीएस पास करने के बाद रेडियोलॉजी में एमडी करना चाहता था।
कोलकाता में हुई थी संस्था के संचालक से मुलाकात
इसी सिलसिले में डॉक्टर परिवार कोलकाता गया था। वहां उनकी मुलाकात इनफिनिटी एकेडमी के संचालक निर्मल्या नाग से हुई। उसने कई मेडिकल कॉलेजों से संपर्क होने और पैकेज में एमडी में दाखिला दिलाने का दावा किया था।
1.40 करोड़ का पैकेज बताया, नेपाल में सीट मिलने का भेजा पत्र
शिकायत के मुताबिक, 21 फरवरी 2020 को निर्मल्या नाग ने पत्र भेजकर स्नेहाशीष का नेपाल में एमडी रेडियोलॉजी के सत्र 2020-21 में दाखिला कन्फर्म होने की जानकारी दी। तीन साल के पूरे कोर्स का पैकेज 1.40 करोड़ रुपए बताया गया था।
शुरुआती रकम के तौर पर 5 लाख रुपए चेक से जमा कराए गए। इसी दिन संस्था की ओर से बैंक खाते का विवरण और एक अन्य एग्रीमेंट भी दिया गया। इसमें 25 लाख रुपए डेवलपमेंट एजुकेशन फीस के रूप में जमा करने का जिक्र था।
इसके बाद 14 अगस्त 2020 को नेपाल के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिन, काठमांडू से संबंधित प्रोविजनल एडमिशन लेटर भी भेजा गया।
दाखिला निरस्त होने की बात कहकर रकम लौटाने का वादा
डॉ. गौरी दत्त ने पुलिस को बताया कि 18 अगस्त 2020 को निर्मल्या नाग ने पत्र भेजकर दावा किया कि उनके बेटे ने खुद दाखिला निरस्त कराने का फैसला लिया है। इसके बाद 2 लाख रुपए काटकर बाकी 26 लाख रुपए दिसंबर 2020 तक लौटाने का आश्वासन दिया गया।
बाद में जनवरी और मई 2021 में भी पत्र भेजकर 90 दिनों के भीतर रकम लौटाने की बात कही गई। इस दौरान आरोपी ने 1.25 लाख रुपए का चेक दिया, लेकिन बाकी रकम नहीं लौटाई।
आरोपी ने नवंबर-दिसंबर 2021 में कई चेक जारी किए। इन्हें बिलासपुर के अलग-अलग बैंकों में जमा किया गया, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण सभी चेक बाउंस हो गए।