छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सरगुजा में दहशत फैलाने वाले कबरा हाथी को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वन विभाग की टीम शनिवार को दूसरे दिन भी उसकी तलाश कर रही है। शुक्रवार को उसे पकड़ने की कोशिश नाकाम रही।
इसी हाथी ने पिछले 6 महीने में 19 लोगों की जान ले ली है। नवंबर महीने में ही हाथी के हमले में 9 लोगों की मौत हुई है। वन विभाग के मुताबिक, रात में कबरा हाथी सायर के जंगल में 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया था। दल के एक नर हाथी से उसकी पूरी रात लड़ाई हुई। उसने उस नर हाथी को बाहर कर दिया और खुद दल में शामिल हो गया।
इससे उसे पकड़ना और मुश्किल हो गया है। हाथी के चलते आगे कोई अनहोनी न हो, इसलिए शिक्षा विभाग ने आसपास के 17 स्कूलों में आज के लिए छुट्टी घोषित कर दी है।
नर हाथी को बाहर कर दल में शामिल हुआ कबरा
वन विभाग के मुताबिक, शुक्रवार रात सायर के जंगल में कबरा हाथी का 17 हाथियों के दल के एक हाथी से संघर्ष हुआ। देर रात तक दोनों के बीच लड़ाई चलती रही।
इसके बाद कबरा हाथी ने नर को दल से बाहर कर खुद उसकी जगह ले ली। शनिवार तड़के हाथियों का दल कुसुवामुड़ा जंगल पहुंच गया।
दो कुमकी हाथियों के साथ टीम चला रही ऑपरेशन
कबरा हाथी के लगातार हमलों को देखते हुए उसे पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेजने की अनुमति दी गई है। शुक्रवार को वन विभाग की टीम दो कुमकी हाथियों के साथ उदयपुर पहुंची थी, लेकिन कबरा हाथी सायर के जंगल से बाहर नहीं आया। इस वजह से उसे पकड़ा नहीं जा सका।
शनिवार को टीम कुसुवामुड़ा जंगल पहुंची और कुमकी हाथियों को जंगल में भेजा गया। कबरा हाथी दिखाई देने पर उसे ट्रैंकुलाइज करने की योजना है। उसे बेहोश करने के लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम भी मौके पर मौजूद है।