महासमुंद जिले में शनिवार सुबह बागबाहरा के समीप नेशनल हाईवे-353 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। महासमुंद अस्पताल से मरीज को लेकर ओडिशा जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में एंबुलेंस सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई एंबुलेंस
पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस महासमुंद अस्पताल से एक मरीज को लेकर ओडिशा की ओर रवाना हुई थी। शनिवार सुबह बागबाहरा के पास ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ओडिशा के बलांगीर जिले की रहने वाली थीं मृतक महिलाएं
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान बसंता प्रधान (60), पति बढिया प्रधान, निवासी ग्राम कुठुल्ला, थाना देवगांव, जिला बलांगीर (ओडिशा) और उत्तरा डोरा (62), पिता भागवतिया डोरा, निवासी ग्राम उच्चबहाल, थाना आगलपुर, जिला बलांगीर (ओडिशा) के रूप में हुई है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। एंबुलेंस की गति, ड्राइवर की लापरवाही और सड़क किनारे खड़े ट्रक की स्थिति सहित दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।