रायपुर में ई-रिक्शा ड्राइवर ने एक छात्र का आर्चरी किट और मोबाइल चोरी कर लिया। छात्र ई-रिक्शा से भाठागांव बस स्टैंड जा रहा था

Chhattisgarh Crimesरायपुर में ई-रिक्शा ड्राइवर ने एक छात्र का आर्चरी किट और मोबाइल चोरी कर लिया। छात्र ई-रिक्शा से भाठागांव बस स्टैंड जा रहा था। रास्ते में उसने मोबाइल चार्जिंग पर लगा दिया। भाठागांव चौक पर चालक ने उसे उतार दिया।

किराए के 500 रुपए देने पर ड्राइवर ने चिल्हर लाने की बात कही और इसी दौरान ट्रॉली बैग लेकर भाग गया। बैग में तीरंदाजी के उपकरण और मोबाइल रखा था।

छात्र की शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने जांच शुरू की। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की।

पुलिस ने बोरियाखुर्द निवासी विल्सन ब्राउन (31) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी का पूरा सामान और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा समेत करीब 2.50 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।

मोबाइल चार्जिंग पर लगाया, बैग लेकर भागा चालक

पुलिस के मुताबिक, उपांशु राव साईं एकेडमी इंडोर स्टेडियम में तीरंदाजी का प्रशिक्षण लेते हैं। 6 नवंबर को वे अपने आर्चरी उपकरणों से भरा ट्रॉली बैग लेकर ई-रिक्शा से भाठागांव बस स्टैंड जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने मोबाइल फोन ई-रिक्शा में चार्जिंग पर लगा दिया था।

आरोप है कि चालक उन्हें बस स्टैंड ले जाने के बजाय भाठागांव चौक पर उतार दिया। छात्र ने किराए के लिए 500 रुपए का नोट दिया तो चालक चिल्हर लाने का बहाना बनाकर चला गया। इसी दौरान वह ई-रिक्शा में रखा ट्रॉली बैग और मोबाइल लेकर फरार हो गया।

CCTV फुटेज से हुई पहचान, आरोपी गिरफ्तार

छात्र की शिकायत पर टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 1036/26 के तहत बीएनएस की धारा 305 में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले। ई-रिक्शा की पहचान के लिए तकनीकी जानकारी भी जुटाई गई।

मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने विल्सन ब्राउन को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके पास से पूरा आर्चरी किट, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 NZ 3733 जब्त किया।

पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल

पुलिस के मुताबिक, आरोपी विल्सन ब्राउन (31) निवासी RDA कॉलोनी बोरियाखुर्द के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और मारपीट के मामले दर्ज हैं। वह इन मामलों में जेल जा चुका है।