बिलासपुर जिले के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के सेंदरी, मटियारी और गढ़वट गांव में महतारी सदन बनेंगे। इनके निर्माण के लिए राज्य शासन ने 90 लाख रुपए की मंजूरी दी है। विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर यह राशि स्वीकृत हुई है।
पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की महतारी सदन निर्माण योजना के तहत इन ग्राम पंचायतों को चुना है। सदनों में ग्रामीण महिलाएं सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियां कर सकेंगी।
इन भवनों में महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकें, प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम होंगे। महिलाएं यहां आपस में बातचीत और सामाजिक आयोजन भी कर सकेंगी।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा विधानसभा का विकास तभी सार्थक होगा, जब महिलाएं सशक्त, आत्मनिर्भर और सामाजिक गतिविधियों में अधिक भागीदारी करेंगी। उन्होंने कहा कि माताएं, बहनें और बेटियां परिवार के साथ समाज और गांव की प्रगति में भी अहम भूमिका निभाती हैं।
मटियारी के सरपंच सतीश केशर, गढ़वट के सरपंच चंद्रशेखर बैसवाड़े और सेंदरी के सरपंच राजेश ध्रुव ने महतारी सदन की मंजूरी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा तथा विधायक सुशांत शुक्ला का आभार जताया।