बिलासपुर में नशे में पोते ने अपने ही दादा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। दरअसल, आरोपी आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। उसकी प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी दो दिन पहले एक बच्चे को लेकर घर छोड़कर चली गई थी।
घर में पत्नी और बच्चे को नहीं देखकर आरोपी गुस्से में आ गया और उसने अपना गुस्सा दादा पर उतार दिया। मारपीट में बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।
पत्नी के जाने से नाराज था, दादा से हुआ विवाद
घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा के छूहिया पारा की है। आरोपी की पहचान तुलाराम चंद्राकर उर्फ मनोज चंद्राकर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी है और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। उसकी प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी दो दिन पहले एक बच्चे को लेकर घर छोड़कर चली गई थी।घटना के दिन आरोपी घर लौटा तो पत्नी और बच्चा नहीं मिले। इस बात पर वह गुस्सा हो गया और परिवार में विवाद करने लगा। इसके बाद उसने अपने दादा पंचराम चंद्राकर की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई।