केशकाल घाट में ओवरटेकिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। एक ट्रेलर चालक ने दूसरे वाहन को रास्ते में रोककर तलवार निकाल ली और दो लोगों पर हमला कर दिया।
आरोपी ने उनके साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए तलवार लहराकर दहशत फैलाई। मामले में केशकाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गलत तरीके से ओवरटेक करने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे की है। रायपुर के कबीर नगर निवासी 57 वर्षीय तारसेन सिंह अपने साले हिरासिंह के साथ 18 चक्का ट्रेलर (क्रमांक NL-01-AE-7424) में लोहे की रेल पटरी लेकर रायपुर से वारंगल जा रहे थे।
इसी दौरान केशकाल स्थित गिरिदीप स्कूल के पास नेशनल हाईवे-30 पर ट्रेलर क्रमांक CG-07-DC-7213 के चालक विक्रम सिंह ने उनके वाहन को गलत तरीके से ओवरटेक किया और आगे जाकर रास्ते में ट्रेलर खड़ा कर दिया।
तलवार निकालकर दोनों पर किया हमला
ओवरटेकिंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विक्रम सिंह ने तारसेन सिंह और उनके साले के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह अपने ट्रेलर से धारदार तलवार निकाल लाया और दोनों पर हमला कर दिया। रात के समय नेशनल हाईवे पर हुई इस घटना ने वाहन चालकों की सुरक्षा और सड़क पर बढ़ते विवादों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज
घटना की शिकायत पर केशकाल थाना पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह पिता बख्शीस सिंह, निवासी अर्जुन नगर सुपेला, जिला दुर्ग के खिलाफ अपराध क्रमांक 187/2026 दर्ज किया।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक सुरेश मरकाम, हेमंत देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक राखी यादव सहित पुलिस टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।