छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जा रहा है। दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रभारी स्मृति इरानी शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।
कांग्रेस विधायक वाली इस सीट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। धरमजयगढ़ रायगढ़ जिले की अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित विधानसभा सीट है। यह क्षेत्र आदिवासी बहुल है और राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
यहां कांग्रेस और बीजेपी के बीच मुकाबला लंबे समय से रहा है। पिछले 5 विधानसभा चुनावों के नतीजे देखें तो शुरुआती 2 चुनावों में बीजेपी को सफलता मिली, जबकि उसके बाद कांग्रेस ने लगातार 3 बार जीत दर्ज की।
जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से जुड़ा आयोजन है, इसलिए इसका सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व है। दूसरी, बीजेपी इस आयोजन को बड़े स्तर पर कर रही है और इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल होंगे। ऐसे में इसका राजनीतिक संदेश भी है। आदिवासी समाज के बीच अपनी पहुंच और संगठन की सक्रियता दिखाने का यह पार्टी के लिए एक अवसर हो सकता है।