छत्तीसगढ़ में आज (15 नवंबर) से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में आज (15 नवंबर) से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। इस साल किसानों को धान का 3100 रुपए प्रति क्विंटल भाव मिलेगा। सरकार ने एक एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदने की सीमा तय की है।

प्रदेश के 27.50 लाख से ज्यादा पंजीकृत किसानों को इसका फायदा मिलेगा। खरीदी व्यवस्था आसान बनाने के लिए इस बार धान खरीदी केंद्रों की संख्या 2740 से बढ़ाकर 3100 कर दी गई है।

साथ ही टोकन, किसान पंजीयन और फसल के रकबे के सत्यापन की प्रक्रिया को डिजिटल किया गया है। धान खरीदी प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी आर्थिक गतिविधियों में से एक है।

खरीदी शुरू होने के साथ ही किसानों की नजरें अब खरीदी केंद्रों पर हैं। सरकार की कोशिश है कि किसानों को धान बेचने के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े और केंद्रों पर भीड़ व अव्यवस्था न हो।

21 क्विंटल प्रति एकड़ तक बेच सकेंगे धान

इस खरीफ सीजन में किसान 1 एकड़ में अधिकतम 21 क्विंटल धान बेच सकेंगे। सरकार ने धान का भाव 3100 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। इस हिसाब से एक एकड़ में पूरी 21 क्विंटल उपज बेचने पर किसान को 65,100 रुपए मिलेंगे।

इसी तरह दो एकड़ में 42 क्विंटल धान बेचने पर 1 लाख 30 हजार 200 रुपए मिलेंगे। वहीं, पांच एकड़ में 105 क्विंटल धान बेचने पर किसान को 3 लाख 25 हजार 500 रुपए मिलेंगे। हालांकि, वास्तविक खरीदी किसान के पंजीकृत रकबे और उपलब्ध उपज के आधार पर होगी।

360 नए खरीदी केंद्रों से मिलेगी राहत

सरकार ने इस बार धान खरीदी केंद्रों की संख्या 2740 से बढ़ाकर 3100 कर दी है। यानी पिछले साल के मुकाबले 360 नए केंद्र बनाए गए हैं।

इससे दूरस्थ गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। खरीदी केंद्रों पर बारदाने, तौल मशीन, नमी मापक यंत्र और धान के भंडारण की व्यवस्था भी जरूरी होगी।

तुंहर टोकन ऐप से घर बैठे बुक कर सकेंगे टोकन

इस बार धान बेचने के लिए टोकन व्यवस्था को डिजिटल किया गया है। किसान तुंहर टोकन ऐप के जरिए घर बैठे धान बेचने का टोकन बुक कर सकेंगे।

इसके अलावा समितियों से भी टोकन जारी किए जाएंगे। इससे किसानों को टोकन लेने के लिए बार-बार सोसायटी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

एग्रीस्टैक और डिजिटल सर्वे से होगा फसल का सत्यापन

इस साल धान खरीदी व्यवस्था में एग्रीस्टैक आईडी और डिजिटल क्रॉप सर्वे को भी जोड़ा गया है। इसके तहत पंजीकृत किसानों के खेतों में बोई गई फसल और रकबे का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।

धान खरीदी के लिए किसान की पात्रता तय करने में फसल और रकबे का सत्यापन अहम होगा। इसके साथ ही बायोमेट्रिक व्यवस्था से किसान की पहचान सुनिश्चित की जाएगी।