रायपुर शहर की सड़कों पर स्ट्रीट वेंडर्स के कारण लगने वाले जाम से आम लोगों को परेशानी होती

Chhattisgarh Crimesरायपुर शहर की सड़कों पर स्ट्रीट वेंडर्स के कारण लगने वाले जाम से आम लोगों को परेशानी होती है। वहीं, नगर निगम के नगर निवेश विभाग और यातायात पुलिस की कार्रवाई से वेंडर्स का रोजगार प्रभावित होता है। सड़कें जाम से मुक्त रहें और वेंडर्स का रोजगार भी चलता रहे, इसके लिए नगर निगम अब तक वेंडिंग जोन के लिए जगह ही तलाश रहा है।

दूसरी ओर, नवंबर 2025 में भारी विरोध के बावजूद नालंदा-2 के निर्माण के लिए साइंस कॉलेज चौपाटी को आमानाका ब्रिज के नीचे शिफ्ट किया गया था। लेकिन वहां आज तक दुकानें नहीं खुल सकीं। अक्टूबर 2026 में इसका ठेका भी खत्म हो गया। इसी तरह नगर निगम मुख्यालय के सामने संचालित चौपाटी भी अगस्त 2026 से बंद है।

नगर निगम की पिछली एमआईसी बैठक में 15 अस्थायी वेंडिंग जोन बनाने का प्रस्ताव पास किया गया था। इसके बावजूद अब तक एक भी वेंडिंग जोन में दुकानों की शिफ्टिंग नहीं हुई है। अब जोन स्तर की समितियां फिर से नए वेंडिंग जोन के लिए जगह तलाश रही हैं।

करोड़ों खर्च कर बनाई चौपाटी 2 साल चली, शिफ्टिंग के बाद एक भी दुकान नहीं खुली

स्मार्ट सिटी ने करोड़ों रुपए खर्च कर साइंस कॉलेज के पास 60 कियोस्क वाली चौपाटी बनाई थी। अक्टूबर 2023 में इसका तीन साल के लिए मेसर्स गुरु हरकिशन होटल एंड रिसॉर्ट को ठेका दिया गया। इसी बीच नालंदा-2 निर्माण के लिए नवंबर 2025 में भारी विरोध के बावजूद दुकानों को आमानाका ब्रिज के नीचे शिफ्ट कर दिया गया। इसके बाद से वहां एक भी दुकान नहीं खुली। अक्टूबर 2026 में चौपाटी का ठेका भी खत्म हो गया।

दुकानें किराए पर देकर कमाई, गार्डन का मेंटेनेंस नहीं; अब 14 दुकानों पर ताले लगे

नगर निगम मुख्यालय के सामने गार्डन के 5 फीसदी हिस्से का कमर्शियल उपयोग करने के लिए 14 दुकानें बनाई गई थीं। वर्ष 2021 में गणपति इंफ्रा को 39 लाख रुपए लाइसेंस फीस और गार्डन के मेंटेनेंस की शर्त पर पांच साल का ठेका दिया गया। एजेंसी ने दुकानें किराए पर देकर मुनाफा कमाया, लेकिन गार्डन के रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया। अगस्त 2026 में ठेका खत्म होने के साथ चौपाटी भी बंद हो गई।

सात जगहों का चयन हुआ, शिफ्टिंग एक में भी नहीं

दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत प्रत्येक जोन में स्ट्रीट वेंडर्स का सर्वे, वेंडिंग जोन का निर्धारण, पहचान और अधिकार पत्र वितरण के बाद शिफ्टिंग की जानी है। इसके लिए जोन-5 में खोखो तालाब किनारे, डीडी नगर में लिटिल फ्लावर स्कूल के पास, डंगनिया तालाब और चंगोराभाठा में आस्क रेसिडेंसी के पास जगह तय की गई। जोन-1 ने भी गोगांव ब्रिज, भनपुरी और खमतराई में स्थल निरीक्षण कर जगह चयनित की। इसके बावजूद किसी भी जगह वेंडर्स की शिफ्टिंग नहीं हुई। अब जोन समितियां फिर स्थल चयन में जुटी हैं।

सीधी बात- मीनल चौबे, महापौर, रायपुर निगम

एमआईसी में विस्तार से चर्चा करके निर्णय लेंगे Q. साइंस कॉलेज और निगम गार्डन की बंद चौपाटियों को दोबारा शुरू करने के लिए क्या पहल हो रही है? दोनों जगहों के सदुपयोग की प्लानिंग कर रहे हैं। भविष्य में दुकानों का आवंटन करेंगे, ताकि लोगों को रोजगार मिल सके। एमआईसी में विस्तार से चर्चा करके निर्णय लेंगे।

Q. एमआईसी से 15 अस्थायी वेंडिंग जोन मंजूर होने के बावजूद शिफ्टिंग क्यों नहीं हुई? वेंडिंग जोन के लिए पार्षदों के कई सुझाव आए थे। किसी का रोजगार प्रभावित न हो, इसलिए सभी जोन में सही स्थल चयन की प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है। सड़कें जाम मुक्त रहें और वेंडर्स का रोजगार भी प्रभावित न हो, यही हमारी प्राथमिकता है।