छत्तीसगढ़ के करीब 3 हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले में ED ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़ी दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल कॉलोनी के 355 प्लॉटों पर कब्जा कर लिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के करीब 3 हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले में ED ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़ी दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल कॉलोनी के 355 प्लॉटों पर कब्जा कर लिया है। शनिवार को हुई इस कार्रवाई में करीब 61 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। कार्रवाई के बाद कॉलोनी के मेन गेट पर नोटिस भी चस्पा किया गया है।

कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं, जिनमें से 30 पहले ही बिक चुके हैं, इसलिए उन्हें कार्रवाई से अलग रखा गया है। PMLA के निर्णायक प्राधिकरण से संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी मिलने के बाद ED ने यह कार्रवाई की है। जांच एजेंसी का आरोप है कि ये संपत्तियां शराब घोटाले से कमाई गई अवैध रकम से खरीदी गई थी।

कॉलोनी के 355 प्लॉट पर ED ने किया कब्जा

मौके पर मौजूद ED के अधिकारियों ने बताया कि विट्ठल कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके हैं, इसलिए उन्हें कार्रवाई से बाहर रखा गया है। ED ने बाकी 355 प्लॉटों पर अपना कब्जा कर लिया है। जब्त संपत्तियों में एक व्यावसायिक प्लॉट भी शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक ये संपत्तियां शराब घोटाले से कमाई गई कथित अवैध रकम से जुड़ी है।

61 करोड़ की संपत्ति पर कार्रवाई

ED की जांच के मुताबिक छत्तीसगढ़ में हुए करीब 3 हजार करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाले से अर्जित रकम का इस्तेमाल रियल एस्टेट कारोबार और दूसरी संपत्तियां खरीदने में किया गया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि चैतन्य बघेल शराब सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर सक्रिय थे और अवैध पैसों के लेन-देन का हिसाब रखते थे। इसी आधार पर उनकी संपत्तियों को मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।

इससे पहले ED ने 10 नवंबर 2025 को चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद 8 दिसंबर 2025 को PMLA के निर्णायक प्राधिकरण में शिकायत दर्ज कराई गई। 19 मार्च 2026 को हुई सुनवाई के बाद प्राधिकरण ने ED की कार्रवाई को सही ठहराया। 23 मार्च 2026 को जारी आदेश में करोड़ों रुपए की संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी दी गई।

घर की दीवार पर भी चस्पा किया गया था नोटिस

इस आदेश की प्रतियां चैतन्य बघेल के भिलाई-3 स्थित मानसरोवर आवासीय परिसर के घर की बाहरी दीवार पर भी चस्पा की गई थीं। आदेश में भिलाई-3 में करीब 1 करोड़ 64 लाख 87 हजार रुपए से अधिक कीमत की संपत्ति, भिलाई का आवासीय मकान, दुर्ग की व्यावसायिक संपत्ति, बैंक में जमा रकम और फिक्स्ड डिपॉजिट के अलावा पाटन तहसील के ग्राम कुरुडीह में स्थित कृषि भूमि का भी उल्लेख है।

ED की ताजा कार्रवाई के बाद विट्ठल कॉलोनी के प्लॉटों पर कब्जे से चैतन्य बघेल की रियल एस्टेट संपत्तियों को लेकर कानूनी कार्रवाई और तेज हो गई है। हालांकि PMLA के आदेश के खिलाफ चैतन्य बघेल के पास अपील का विकल्प भी है। वे निर्धारित 45 दिनों के भीतर अपीलीय न्यायाधिकरण में ऑनलाइन अपील कर सकते हैं।