सरगुजा और सूरजपुर जिले में छह महीने से दहशत का पर्याय बने कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली

Chhattisgarh Crimesसरगुजा और सूरजपुर जिले में छह महीने से दहशत का पर्याय बने कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली। अब तक 19 लोगों की जान ले चुका कबरा नवंबर में ही 9 लोगों को मौत के घाट उतार चुका है।

वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अकेले विचरण करने वाला लोनर हाथी अब 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया है। इससे उसकी सटीक लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। शुक्रवार रात सायर के जंगल में कबरा का दल के एक नर हाथी से देर रात तक संघर्ष हुआ। जंगल में दोनों की चिंघाड़ सुनाई देती रही।

आखिरकार कबरा ने नर हाथी को दल से खदेड़ दिया और खुद उसकी जगह बना ली। दल में कबरा कभी आगे तो कभी पीछे चल रहा है, जिससे उसकी पहचान और घेराबंदी में परेशानी आ रही है। इसके लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम भी मौके पर तैनात है। इधर, हाथियों के दल की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के 17 स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से रोकने के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में पिछले तीन महीनों से दहशत का पर्याय बनी आदमखोर बाघिन को वन विभाग ने ऑपरेशन जी-25 के तहत सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया है। शुक्रवार, 13 नवंबर की तड़के 3:02 बजे गढ़चिरौली जिले के कसन सूर वन परिक्षेत्र में शार्प शूटर ने अंधेरे में सटीक निशाना लगाकर बेहोशी का डार्ट दागा। कुछ ही मिनटों में 3 वर्षीय बाघिन काबू में आ गई। ताड़ोबा अंधारी टाइगर रिजर्व की रैपिड रेस्क्यू टीम के प्रमुख डॉ. रविकांत खोब्रागडे ने डार्ट तैयार किया था। इसे पुलिस कांस्टेबल अजय मराठे ने शूट किया। यह बाघिन अगस्त से नवंबर के बीच महाराष्ट्र के दोलंदा, इरपनपल्ली, तुलमिल और दिंडवी गांवों में चार ग्रामीणों को अपना निवाला बना चुकी थी। बाघिन छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश कर कांकेर जिले के कापसी जंगल में भी एक मवेशी का शिकार कर चुकी थी।

गरियाबंद: पांच गांवों में आ रहे भालू से दहशत

मुड़ागांव (कोरासी)| गरियाबंद जिले के छुरा अंचल में जंगली भालू की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों की चिंताएं चरम पर पहुंच गई हैं। रवेली, तिलाईदादर, डांगनबाय, गिधनी और पंडरीपानी जैसे ग्रामीण इलाकों में भालुओं की मौजूदगी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जंगल से सटे इन गांवों में भालू के बार-बार दिखने की खबरों के बाद लोग सुबह-शाम घरों से बाहर निकलने या खेतों की ओर जाने में बेहद सावधानी बरत रहे हैं। कई ग्रामीणों ने भालू की गतिविधियों को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया है, जिसके बाद से क्षेत्र में डर और चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीणों की यह चिंता इसलिए भी और गहरी हो गई है क्योंकि क्षेत्र में अब धान कटाई का मुख्य सीजन शुरू होने वाला है। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों और मजदूरों को सुबह से शाम तक खेतों में डटे रहना पड़ता है।

इनमें से कई खेत घने जंगलों और झाड़ियों के बिल्कुल करीब हैं, जिससे काम कर रहे लोगों की सुरक्षा पर सीधा खतरा मंडरा रहा है। घरों के आसपास रहने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित नजर आ रहे हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए वन विभाग ने गांवों में मुनादी करवाकर लोगों को जागरूक करने और सतर्क रहने की अपील की है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि महज मुनादी करवाना पर्याप्त समाधान नहीं है। खतरे की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित गांवों और जंगलों के आसपास वनकर्मियों की नियमित तैनाती तथा गश्त बढ़ाने की सख्त जरूरत है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

वन्यजीवों और मानव जीवन दोनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह बेहद आवश्यक है कि लोग अकेले जंगल या सुनसान रास्तों पर जाने से बचें। सुबह और शाम के वक्त विशेष एहतियात बरतें। यदि कभी भालू आमने-सामने दिखाई दे जाए, तो उसके करीब जाने, उसे घेरने, छेड़ने या उसका पीछा करने की गलती बिल्कुल न करें। हमेशा सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दें। यदि समय रहते प्रभावी निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो मानव और वन्यजीवों के बीच टकराव की गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।