महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर के स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। आज (19 नवंबर) उसकी रिमांड खत्म हो रही है। ऐसे में उसे ED और CBI दोनों मामलों में अलग-अलग कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ED उससे दोबारा पूछताछ के लिए कोर्ट से कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है। वहीं, इस केस की जांच छत्तीसगढ़ पुलिस के अफसरों तक पहुंचने की खबर है। पुलिस अधिकारियों को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया है।
वहीं, इस मामले में फरार चल रहे शुभम सोनी के खिलाफ ED की स्पेशल कोर्ट ने मंगलवार को गैर-जमानती वारंट जारी किया है। शुभम सोनी नवंबर 2023 में एक वीडियो जारी कर चर्चा में आया था। उसने खुद को महादेव ऐप का असली मालिक बताया था।
उसका दावा था कि साल 2021 में भिलाई में इस ऐप की शुरुआत की गई थी। उसने यह भी आरोप लगाया था कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कहने पर वह दुबई गया था और प्रोटेक्शन मनी के रूप में 508 करोड़ रुपए पहुंचाए गए थे। हालांकि, ये शुभम सोनी की ओर से लगाए गए आरोप थे।
बयान और दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ
ED के अधिकारियों ने सौरभ से उसके सहयोगियों के बयानों, डिजिटल डेटा और विदेश में मौजूद कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टे से हासिल रकम किस रास्ते से विदेश पहुंची और इस नेटवर्क में किन लोगों की क्या भूमिका रही।