राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। इस नेटवर्क में नवजात बच्चे की जाति और धर्म बताकर 5 से 10 लाख रुपए में सौदा किया जाता था। बच्चे खरीदने वालों को असली जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाकर दिया जाता था, ताकि बच्चा खरीदार परिवार का ही लगे।

बुधवार को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने इस सिंडिकेट से जुड़ी 3 महिलाओं को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। मामला आजाद चौक थाने का है। सुंदरगढ़ (ओडिशा) की रहने वाली महिला की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह नेटवर्क सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं था। इसके तार ओडिशा, रायगढ़, बिलासपुर, मुंबई, गुजरात, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

आरोपी बच्चों को सड़क, ट्रेन और फ्लाइट से दूसरे शहरों तक पहुंचाते थे। कुछ मामलों में खुद जाकर बच्चों को सौंपने की जानकारी भी मिली है। शुरुआती जांच में 15 से 20 बच्चों की तस्वीरें और उनसे जुड़ा डेटा मिला है।

पहले पढ़िए कैसे हुआ खुलासा

आरोपी महिलाओं ने पीड़िता के बच्चे का सौदा 8 लाख रुपए में करने की तैयारी की थी। इसमें कृतिका साहू को 5 लाख और अहिल्या को 3 लाख रुपए कमीशन मिलना था।

यह गिरोह नवजात बच्चों की जाति और धर्म बताकर 5 से 10 लाख रुपए तक में सौदा करता था। इसके लिए खासतौर पर गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को निशाना बनाया जाता था।

उन्हें गर्भावस्था के दौरान मुफ्त इलाज, डिलीवरी और बच्चे की देखभाल का भरोसा दिया जाता था। इसके बाद खरीदारों की पसंद के मुताबिक नवजात बच्चों का सौदा किया जाता था।

बच्चे को नए परिवार का ही दिखाने के लिए उसके नाम से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाकर दिया जाता था। रायपुर पुलिस ने ऐसे ही बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है।

ऐसे खुला पूरा मामला: महिला घर से निकली, सड़क पर मिली पुलिस

मामले की शुरुआत ओडिशा के सुंदरगढ़ की एक महिला से हुई। पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को कृतिका साहू ने अहिल्या नामदेव के घर पर रखा था। आरोप है कि यहां बच्चे को बेचने की तैयारी चल रही थी।

इसी दौरान महिला अहिल्या के घर से बाहर निकल गई और सड़क पर घूम रही थी। तभी पुलिस की नजर उस पर पड़ी। पुलिस ने महिला और उसके नवजात बच्चे को रेस्क्यू कर सखी सेंटर पहुंचाया। बाद में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके बयान दर्ज किए गए।

पूछताछ में महिला ने अपने साथ हुई घटना और बच्चे को बेचने की आशंका से जुड़ी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। डिजिटल सबूतों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को एक के बाद एक अहम कड़ियां मिलीं।

मुफ्त इलाज का भरोसा देकर रायपुर लाई थी कृतिका

रामकुंड निवासी कृतिका साहू (34) लैब टेक्नीशियन है। उसके दो बच्चे हैं। पति सुमित की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। कृतिका पहले कुछ अस्पतालों में काम कर चुकी है। इसी दौरान उसका संपर्क कई एजेंटों से हुआ।

जांच में सामने आया है कि पिछले महीने एक परिचित के जरिए उसकी पहचान ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली 21 साल की महिला से हुई थी। महिला आर्थिक रूप से कमजोर थी।

कृतिका ने उसे अच्छे अस्पताल में मुफ्त इलाज और प्रसव कराने का भरोसा दिया। इसके बाद महिला अपने परिजनों के साथ रायपुर आ गई। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद महिला का पति वापस चला गया।

आरोप है कि इसके बाद बच्चे को बेचने की तैयारी शुरू हुई। प्रसव के बाद महिला और उसके बच्चे को अहिल्या नामदेव के घर पर रखा गया था।