राज्य के सबसे बड़े एयरपोर्ट में कड़ी सुरक्षा होने के बावजूद टैक्सी संचालकों की गुंडागर्दी कम नहीं हो रही है। हर महीने दो से तीन बार टैक्सी संचालक सवारी को लेकर आपस में भिड़ रहे हैं। इसी हफ्ते दो टैक्सी संचालकों के बीच जमकर विवाद हुआ, लेकिन कार्रवाई किसी पर नहीं की गई। चौंकाने वाली बात यह है कि सीआईएसएफ के जवानों के सामने ही टैक्सी संचालक रोजाना विवाद कर रहे हैं। कई बार तो चाकू, तलवार और बोतलों से भी एक-दूसरे पर हमला कर चुके हैं। ज्यादातर मामलों में माना थाना वाले एफआईआर भी नहीं करते हैं। इसे आपसी मामला बताकर समाप्त कर दिया जाता है। दैनिक भास्कर की पड़ताल में पता चला कि विमानों के आने के समय से थोड़ी देर पहले ही टैक्सी वाले एक के पीछे एक खड़े हो जाते हैं। जबकि एयरपोर्ट के टर्मिनल के बाहर गाड़ी खड़ी करने पर नो पार्किंग का जुर्माना 500 रुपए तय किया गया है। लेकिन टैक्सी चालकों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। लोगों के बाहर आते ही टैक्सी वाले उनसे सामान लेने की कोशिश करते हैं। वे बार-बार यात्रियों को गाड़ी में बिठाने की जिद करते हैं। कई बार यात्री उन्हें पहले से बुकिंग का हवाला देते हैं कुछ तो गुस्से में झिड़क भी देते हैं। यात्री के पार्किंग से बाहर निकलने पर किराया 1000 रुपए बताया जाता है। इससे विवाद बढ़ जाता है। यात्री गाड़ी से उतरने की कोशिश करते हैं तो उन्हें उतरने भी नहीं दिया जाता।
सीआईएसएफ के जवान भी नहीं रोकते इन्हें
यात्रियों को गाड़ियों में बिठाने के लिए सीआईएसएफ के जवानों के सामने ही टैक्सी वाले विवाद करते हैं। लेकिन कोई भी जवान उन्हें नहीं रोकता है। इतना ही नहीं कई बार विवाद बढ़ भी जाता है तो एयरपोर्ट अथॉरिटी के अफसर भी वहां जांच करने तक नहीं आते। भास्कर टीम को वहां मौजूद लोगों ने बताया कि यह रोज का विवाद है। इस वजह से कोई इस पर ज्यादा ध्यान नहीं देता है। यात्रियों से ज्यादा बदसलूकी होती है तो उन्हें डायल 112 में फोन करने की सलाह दे दी जाती है। इस वजह से एयरपोर्ट के टैक्सी वाले भी बेखौफ अपनी मर्जी से ही सवारी बिठाने के बाद किराया तय कर रहे हैं।