बेहतर भविष्य और रोजगार की तलाश में रूस गया बिलासपुर के बिल्हा क्षेत्र के केदारचाल निवासी विनीत दुबे (21) मानव तस्करी और ड्रग्स माफिया के जाल में फंस गया है। वहां पहुंचने के बाद उस पर ड्रग्स की तस्करी करने और रूसी सेना में जबरन भर्ती होने का दबाव बनाया गया। इनकार करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद उसे कथित तौर पर झूठे मामले में फंसाकर हिरासत में ले लिया गया। इधर, विनीत की छोटी बहन आशी दुबे (17) भाई को सकुशल भारत वापस लाने के लिए अकेले ही दर-दर भटक रही है। उसने गृह मंत्री विजय शर्मा से लेकर विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास तक गुहार लगाई, लेकिन डेढ़ महीने बाद भी न तो कोई ठोस मदद मिली और न ही पुलिस-प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जानकारी दी जा रही है। 15 अक्टूबर को मदद पोर्टल के जरिए मिले ईमेल में दूतावास ने बताया कि विनीत को ड्रग्स के मामले में हिरासत में लिया गया है और उसके लिए काउंसलर एक्सेस मांगा गया है। हालांकि, रूसी अधिकारियों की ओर से अब तक आधिकारिक जवाब नहीं मिला है। विनीत बार-बार अनजान नंबरों से वीडियो संदेश भेजकर भारत सरकार और अपनी बहन से मदद की गुहार लगा रहा है।
टेलीग्राम पर चल रहा ‘रूस में नौकरी’ का बड़ा सिंडिकेट
दैनिक भास्कर ने विनीत से जुड़े दस्तावेजों और सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारियों की पड़ताल की तो चौंकाने वाली बातें सामने आईं। टेलीग्राम पर ‘Work in Russia’ (@RussianVoin1) जैसे कई ग्रुप सक्रिय मिले, जहां बेरोजगार युवाओं को नौकरी का लालच दिया जा रहा है।
1. लाखों रुपए वेतन का लालच: इन ग्रुपों में सिक्योरिटी गार्ड, ड्राइवर और वेयरहाउस वर्कर की नौकरी के नाम पर हर महीने 3,000 से 3,500 डॉलर (करीब 2.5 से 3 लाख रुपए) वेतन देने का दावा किया जा रहा है। 2. टूरिस्ट वीजा पर रूस भेजने का खेल: विज्ञापनों में फ्लाइट, खाना और रहने की सुविधा मुफ्त देने का दावा कर टूरिस्ट या स्टूडेंट वीजा पर युवाओं को मॉस्को बुलाया जा रहा है। दस्तावेजों के मुताबिक, विनीत को भी यूएई की कंपनी जीकेडी ग्लोबल के जरिए सिंगल एंट्री ई-वीजा दिलाकर मॉस्को भेजा गया था। 3. सेना और अवैध काम में धकेलने का आरोप: टेलीग्राम चैट की पड़ताल में सामने आया कि विज्ञापनों में पहले सामान्य नौकरी का झांसा दिया जाता है, लेकिन नीचे स्पष्ट रूप से ‘Only army work’ लिखा है।