रायगढ़ में ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों यात्री बस से गांजा लेकर रायगढ़ पहुंचे थे। पुलिस ने उनके पास से 4 किलो 68 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपए है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सारंगढ़ रोड की ओर से यात्री बस में गांजा लेकर ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बस स्टैंड पहुंची और निगरानी शुरू कर दी।
इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के दो व्यक्ति बस से उतरकर पिट्ठू बैग लेकर बजरंगपारा की ओर जाते दिखे। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के सामने लोक सेवा केंद्र के पीछे बजरंगपारा मैदान में दोनों को रोक लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान गोविन्द भट्ठ उर्फ बुटू (56) और मंजे देवार (26), निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38 के रूप में बताई।
पुलिस ने उनके बैग की तलाशी ली, तो खाकी और हरे रंग की पन्नियों में लिपटा गांजा मिला। गांजे का कुल वजन 4 किलो 68 ग्राम पाया गया। इसकी कीमत करीब 60 हजार रुपए आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज, दोनों जेल भेजे गए
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा से कम कीमत में गांजा खरीदकर रायगढ़ में ज्यादा दाम पर बेचने के लिए लाए थे। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(b) NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।