खाना देर से बनाने की बात पर हुए विवाद में पत्नी की हत्या करने वाले पति को मुंगेली सत्र न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई

Chhattisgarh Crimesखाना देर से बनाने की बात पर हुए विवाद में पत्नी की हत्या करने वाले पति को मुंगेली सत्र न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मरावी ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए जेल और अर्थदंड की सजा सुनाई है।

जलती लकड़ी निकालकर पत्नी पर किया था हमला

अभियोजन के मुताबिक, ग्राम औरापानी के तितरु बैगा (45) का पत्नी जुगरी बाई बैगा से खाना देर से बनाने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान उसने चूल्हे से जलती हुई लकड़ी निकालकर पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने पत्नी के शव को खटिया पर लिटा दिया था।

मृतका के बेटे ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बताया गया कि रिपोर्ट दर्ज होने के दौरान आरोपी खुद को बसूला से चोट पहुंचाने लगा था। वह 25 जनवरी 2025 से ही जेल में बंद था।

15 गवाहों और FSL रिपोर्ट से साबित हुआ मामला

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 15 गवाहों के बयान दर्ज कराए। वहीं, FSL रिपोर्ट में जब्त लकड़ी की अंगीठी, आरोपी की जर्सी और घटनास्थल पर ब्लड मिलने की पुष्टि हुई। गवाहों के बयान और सबूतों के आधार पर कोर्ट ने आरोपी को दोषी माना।

मामले में लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर ने पैरवी की। वहीं, जांच उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी ने की। कोर्ट ने आरोपी को आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई।