युमेन्द्र कश्यप/गरियाबंद। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (एसपी) वेदव्रत सिरमौर (भा.पु.से.) ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं रक्षित निरीक्षक की महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) ली। बैठक में वर्ष के अंत को देखते हुए थानों में दर्ज विभिन्न मामलों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को क्राइम रिव्यू एप्लिकेशन (CRA) पोर्टल का अधिक से अधिक और प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। वर्षांत को ध्यान में रखते हुए थानों में पूर्व से लंबित अपराधों, मर्ग और गुम इंसान के प्रकरणों की अद्यतन स्थिति का अवलोकन किया गया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि सभी लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों और आमजन को समय पर राहत मिल सके।
बैठक में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध नशे की बिक्री और तस्करी पर पूर्णतः अंकुश लगाने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए और इस अवैध नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाए।
बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी के मामलों की रोकथाम, त्वरित जांच तथा नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
अपराधों पर लगाम कसने के लिए जिले में प्रभावी पुलिसिंग, रात्रि एवं दिन की नियमित गश्त बढ़ाने तथा आम नागरिकों की सुविधा के लिए सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री लितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक सनत ठाकुर के अलावा जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी एवं यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।