रिजर्व फॉरेस्ट में शिकार करते 3 ग्रामीण गिरफ्तार; मरे हुए दुर्लभ पक्षी और गिलहरी बरामद

Chhattisgarh Crimes

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में वन विभाग की टीम ने रिजर्व फॉरेस्ट एरिया से तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से बड़ी संख्या में दुर्लभ प्रजाति के पक्षी और गिलहरियां के शव बरामद हुए हैं। वहीं छर्रा वाली एक बंदूक भी मिली है। वन विभाग की टीम मृत पक्षियों का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की टीम से करा रही है। बताया जा रहा है कि होली त्योहार के समय शिकारी सक्रिय हो जाते हैं। इसे देखते हुए गश्त बढ़ाई गई है।

जानकारी के मुताबिक, IFS शशिगानंदन और रेंज अफसर वीरेंद्र पटेल के साथ टीम गश्त पर थी। इसी दौरान वन विकास निगम के रिजर्व फॉरेस्ट कक्ष नंबर 1422 में तीन लोग छर्रा वाली बंदूक से पक्षियों का शिकार करते दिखे। इस पर टीम ने तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक थैले में इनडियन ग्रे हार्नबिल, इंडियन रोलर, पैराकीट (हरिल तोता), स्पाटिड डोव, कामन मैना और गिलहरियां बरामद हुई।

डॉक्टरों की टीम कर रही है मृत पक्षियों का पोस्टमार्टम

पकड़े गए आरोपियों में पंडरिया निवासी सुनील कुमार धुर्वे, सिंगपुर निवासी घनश्याम सिंह परस्ते और मुनमुना निवासी बुधराम धुर्वे शामिल हैं। आरोपियों से बाइक, बंदूक, छर्रा, थैला और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पक्षियों और गिलहरियों का पोस्टमार्टम डा. सोनम मिश्रा, वन्य प्राणी पशु चिकित्सक, भोरमदेव वन्य प्राणी अभ्यारण्य और स्थानीय पशु चिकित्सक ने किया है। वहीं आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।