बलौदाबाजार में 30 लाख की साइकिलें जलीं

चैंबर आफ कॉमर्स के अध्यक्ष की दुकान-गोदाम में लगी आग

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाजार में गुरुवार देर रात चैंबर आफ कॉमर्स के जिलाध्यक्ष की साइकिल दुकान और गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी ऊंची थी कि दूर से दिखाई दे रही थीं। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी और खुद ही आग बुझाने में जुट गए। करीब आधे घंटे बाद पहुंची दमकलों की दो गाड़ियों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब 30 लाख रुपए की साइकिल व सामान जलकर खाक हो गया है।

बलौदाबाजार निवासी जुगल किशोर भट्टर की राम मंदिर के पीछे महात्मा गांधी मार्ग पर रमन साइकिल स्टोर नाम से दुकान है। वहीं उनके तीन गोदाम भी हैं। बताया जा रहा है कि दुकान करीब 70 साल पुरानी है। जुगल किशोर चैंबर आफ कॉमर्स के जिलाध्यक्ष भी हैं। वह रोज की तरह करीब 8.30-9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए। इसी बीच रात करीब 10 बजे दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। रिहायशी इलाके में होने के चलते हड़कंप मच गया। लोगों ने इसकी सूचना जुगल किशोर को दी।

वह मौके पर पहुंचे, इससे पहले ही लोगों ने अपने घरों की मोटर चालू की और पाइप लगाकर आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तब तक आग दुकान से गोदाम तक फैल चुकी थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की भी दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। किसी तरह शटर तोड़कर अंदर घुसे फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया था।