पोलिंग बूथ के अंदर जमकर चले लात और घूंसे, बूथ में विधायक और महापौर के घुसने को लेकर भाजपा- कांग्रेस आपस में भिड़े

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। वार्ड क्रमांक 29 के उपचुनाव में विधायक शैलेष पांडेय व महापौर रामशरण यादव में पोलिंग बूथ के अंदर घुसने को लेकर बीजेपी व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जम कर भिड़ंत हो गयी। मौके पर एडिशनल एसपी,सीएसपी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौजूद हैं। मामले में मिली जानकारी के अनुसार आज वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर में उपचुनाव हो रहे हैं। कुछ देर पहले विधायक शैलेष पांडेय व महापौर रामशरण यादव निर्वाचन स्थल आये और बूथ अंदर चले गए।

इसको लेकर पूर्व महापौर किशोर राय व नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अशोक विधानी ने विरोध दर्ज करवाया। जिससे नाराज विधायक समर्थक शैलेन्द्र जायसवाल व उनके साथी पूर्व महापौर व विधानी से भिड़ गए। इसके चलते दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई और झूमाझटकी की नौबत आ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों के द्वारा दोनो पक्षो को बाहर किया गया।