रायपुर शहर से लगे आरंग के चिखली गांव में महानदी किनारे दो शव मिले हैं

Chhattisgarh Crimesरायपुर शहर से लगे आरंग के चिखली गांव में महानदी किनारे दो शव मिले हैं। दोनों शव नदी के तेज बहाव में बहकर किनारे की झाड़ियों में फंसे हुए थे। ग्रामीणों ने नदी किनारे शव देखे तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों शव काफी गल चुके हैं।

ऐसे में उनकी पहचान करने में परेशानी हो रही है। फिलहाल, पुलिस महानदी से लगे जिलों और हाल में बाढ़ प्रभावित इलाकों के थानों से संपर्क कर रही है। वहां दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि शवों की पहचान हो सके। मामला आरंग थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, बरामद दो शवों में से एक महिला का है। दूसरे शव की पहचान नहीं हो पाई है। दोनों शव काफी गल चुके हैं, जिससे शिनाख्त में दिक्कत आ रही है। पुलिस आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से जानकारी का मिलान कर रही है।

बाढ़ के पानी में बहकर आने की आशंका

हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ गया था। नदी किनारे के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी थी। पुलिस को आशंका है कि दोनों शव नदी किनारे दफन किए गए होंगे और बाढ़ के तेज बहाव में बहकर चिखली तक पहुंचे।

डूबने से मौत या हत्या, दोनों एंगल से जांच

पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि दोनों लोग बाढ़ के पानी में बह गए हों और डूबने से उनकी मौत हुई हो। वहीं हत्या के बाद शव नदी में बहाए जाने की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

पोस्टमॉर्टम के बाद मौत की वजह होगी स्पष्ट

CSP लंबोदर पटेल ने बताया कि पहली नजर में शव नदी के बहाव में बहकर आने की आशंका है। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। महानदी से लगे दूसरे जिलों के थानों से संपर्क कर लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चलेगी। फिलहाल पुलिस शवों की पहचान करने और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है।