3 लाख रुपए चंदा नहीं दे पाया तो तोड़ डाली दुकान, फिर लूट ले गए थे कैश और सामान; कोर्ट के आदेश पर 136 दिन बाद FIR

Chhattisgarh Crimes

जांजगीर। जिले में पुलिस ने एक मामले में घटना के 136 दिन बाद FIR दर्ज किया है। पूरा मामला समाज के नाम पर 3 लाख रुपए चंदा मांगने से जुड़ा है। जिसे नहीं देने पर अपने आप को समाज का प्रतिनिधि बताने वालों ने पहले दुकान में तोड़फोड़ की थी। फिर दुकानदार को पीटकर दुकान में रखा कैश और सामान भी लूट ले गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने कई बार पुलिस से शिकायत की थी। मगर मामला दर्ज नहीं किया गया था। आखिरकार जब उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, तब जाकर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है।

ललित कश्यप, शिवरीनारायण कन्नौजिया कुर्मी धर्मशाला के दुकान को किराए पर लेकर कश्यप फर्नीचर मार्ट के नाम से चलाते थे। जिसका वह धर्मशाला प्रबंधन को किराया भी देते थे। ललित ने बताया कि वह हमेशा की तरह दुकान रोज खोलते था। इसी कड़ी में उन्होंने 19 नवंबर 2021 को भी अपनी दुकान खोली थी। इसी दौरान दोपहर के समय कश्यप समाज के लक्ष्मण कश्यप, रामदुलार कश्यप, विशम्भर कश्यप, साखिराम कश्यप, धनेश कश्यप और छोटेलाल कश्यप उसके दुकान पहुंचे थे।

पीड़ित ने बताया कि ये सभी उससे 3 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। इस पर उन्होंने इतने पैसे नहीं होने की बात कहते हुए पैसा देने से मना कर दिया था। इस पर ये सभी भड़क गए और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे थे। इतना ही नहीं आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी तक दे डाली। दुकान में तोड़फोड़ भी की। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी है।

ललित ने बताया कि मारपीट करने के बाद आरोपी उनके दुकान के अंदर घुस गए और अंदर रखा सारा सामान फेंक दिया। अंदर रखा 25 हजार रुपए नकद, 5 लाख रुपए की सागौन की लकड़ी भी लूट कर ले गए थे।

घटना के बाद ललित ने इस मामले में शिकायत थाने में की थी। मगर केस दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि 5 से 6 बार वह थाने के चक्कर काट चुका थे। लेकिन फिर भी केस दर्ज नहीं किया है। जबकि पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा था। इसके बावजूद थाने में केस दर्ज नहीं हुआ।

उन्होंने एसपी डॉ अभिषेक पल्लव से मामले में शिकायत की थी। जिस पर उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार उन्हें पामगढ़ की JMFC कोर्ट में याचिका लगाई। जिस पर कोर्ट ने पुलिस को 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज के निर्देश दिए थे। इस पर पुलिस ने लक्ष्मण कश्यप, रामदुलार कश्यप, विशम्भर कश्यप, साखिराम कश्यप, धनेश कश्यप और छोटेलाल कश्यप के खिलाफ केस दर्ज किया है।