भिंड। 10 वर्षीय मासूम का शव गौरी सरोवर में मिलने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतक के सगे भाई ने ही मासूम की हत्या की थी। आरोपी युवक सगे भाई को सौतेला भाई समझता था और पड़ोसियों एवं रिश्तेदारों द्वारा दिये जाने वाले तानों से परेशान था।
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने बच्चे को बहला-फुसलाकर गौरी सरोवर में मछलियों को दाना खिलाने का कहकर तालाब में धक्का दे दिया था। यह मामला शहर के सरोज नगर का है, जहां बच्चे का शव गौरी सरोवर में मिला। पुलिस ने बच्चे के बड़े भाई की रिपोर्ट पर 20 सितंबर को अज्ञात पर अपहरण का केस दर्ज किया था। जानकारी के मुताबिक सरोवर से करीब 300 मीटर की दूरी पर बच्चे की बुआ का घर है इसलिए पुलिस अधिकारी अनुमान लगा रहे थे कि बच्चा सरोज नगर से बुआ के घर विक्रमपुरा जाने के लिए निकला। बुआ के घर जाने के बजाए सरोवर किनारे पहुंचा। यहां पैर फिसलने से सरोवर में चला गया। तफ्तीश के बाद जो तथ्य सामने आये हैं, उसने सभी को चौंका दिया है। सगे भाई को सौतेला भाई समझकर युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया है।