घर के बाहर खेल रही बच्ची को कुत्तों ने नोचा, माँ ने पत्थर मारकर कुत्तों को भगाया, मासूम के शरीर पर 150 से ज्यादा घाव

Chhattisgarh Crimes

कोरबा। जिले में घर के बाहर खेल रही 2 साल की मासूम बच्ची को कुत्ते उठाकर ले गए। कुत्तों ने बच्ची को बुरी तरह से नोच कर घायल कर दिया। बच्ची की चीख पुकार सुनकर बच्ची की माँ ने डंडे और पत्थर से मारकर कुत्तों को भगाया और बच्ची की जान बचाई। कुत्तों के काटने से बच्ची के शरीर पर 150 से ज्यादा घाव आए हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बांकीमोंगरा निवासी अखिलेश साहू की 2 वर्षीय बेटी वंशिका गुरुवार सुबह घर के बाहर खेल रही थी। माँ अंदर खाना बना रही थी। इसी दौरान वंशिका के चीखने और रोने की आवाज सुनाई दी। बच्ची की आवाज सुनकर माँ ने बाहर आकर देखा की दो आवारा कुत्ते उनकी बच्ची को काट रहे थे। यह नजारा देख कर माँ सहम गई। इसके बाद बच्ची की माँ ने वहां पड़े पत्थर और डंडे से कुत्तों को मारकर भगाया। इसके बाद पति को इसकी जानकारी दी और बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।