मुख्यमंत्री ने की घोषणा; अभनपुर बनेगा नगर पालिका

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का हेलीकॉप्टर आसमान में था और जमीन पर बवाल हो रहा था। मामला अभनपुर इलाके का है। जैसे ही मुख्यमंत्री का चॉपर भेंट मुलाकात के कार्यक्रम में आया, पहले से ही वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। मुख्यमंत्री के काफिले के करीब जाकर गाड़ी के सामने कूदने का प्रयास किया। हाथों में काले कपड़े लेकर नारेबाजी करते रहे।

शनिवार को मुख्यमंत्री भुपेश बघेल की भेंट मुलाकात का कार्यक्रम अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तमासिवनी एवं खोरपा में था। यहां प्रधानमंत्री आवास , बेरोजगारी भत्ता , शराबबंदी , प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था , कर्मचारियों के नियमितिकरण , खराब सड़कों एवं क्षेत्र के जनहित के मुद्दों को भाजपा के नेताओं ने हंगामा कर दिया। बवाल बढ़ने की वजह से पुलिस ने भाजपा नेता ज्ञानप्रकाश चन्द्राकर , श्रेणिक जैन , राजा राय समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात अभियान के तहत शनिवार को खोरपा पहुंचे। यहां रहने वाले किसान जयराम साहू के घर सीएम ने दोपहर का भोजन किया। जयराम साहू के परिवारजनों ने पुष्प-गुच्छ तथा गमछा भेंटकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने साहू परिवार के सदस्यों द्वारा सादगी के साथ परोसे गए स्वादिष्ट छत्तीसगढ़ी भोजन का आनंद लिया।

मुख्यमंत्री को भोजन में चावल, दाल, रोटी के साथ मुनगा-बड़ी और बोहार भाजी की सब्जी परोसा। वहीं खट्टा भिंडी और लाल भाजी का भी लुफ्त उठाया। मुख्यमंत्री ने स्वादिष्ट छत्तीसगढ़ी भोजन के लिए जयराम साहू और उनके परिजनों को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री को जयराम साहू ने बताया कि वह भूमिहीन कृषक है। उन्हें राज्य सरकार द्वारा संचालित राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का लाभ मिल रहा है। अब तक तीन किस्त मिल चुका है।

मुख्यमंत्री बघेल भेंट-मुलाकात को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार बनते ही सबसे पहले हमने ऋण माफी का फैसला किया, शपथ ग्रहण करते ही सबसे पहले मंत्रालय पहुंचकर 19 लाख किसानों का साढ़े 9 हजार करोड़ रूपए का ऋण माफ किया। जिन किसानों ने धान बेचा था और जिनका कर्ज पटा दिया गया था, उनकी राशि वापस लौटाई गई। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की, किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना में इनपुट सब्सिडी दी। इस योजना की 3 किस्त की राशि किसानों के खाते में आ गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा योजना की आखिरी और चौथी किस्त 31 मार्च को दी जाएगी। बघेल ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से किसानों के जीवन में काफी परिवर्तन आया है। मुख्यमंत्री ने कहा हमारी मंशा है सबको राशन मिले, हमने सबका राशन कार्ड बनाया। उन्होंने राशन कार्ड के हितग्राहियों से बातचीत कर योजना का फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से पूछा किनका-किनका कर्ज माफ हुआ है। इस पर बड़ी संख्या में लोगों ने हाथ उठाकर बताया कि उनका कर्ज माफ हुआ है।

अभनपुर को नगरपालिका का दर्जा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात के दौरान अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम खोरपा में उप तहसील कार्यालय एवं स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोला जायेगा। ग्राम सारखी में जिला सहकारी बैंक की शाखा, ग्राम सलोनी से कोलर तक नयी सड़क निर्माण, नगर पंचायत अभनपुर को नगरपालिका का दर्जा, अभनपुर के 30 बिस्तर अस्पताल की क्षमता 50 बिस्तर, ग्राम बेंद्री में नया उप स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम कोलर और टेकारी में उप स्वास्थ्य केंद्रों हेतु नवीन भवन का निर्माण, अभनपुर पुराने नेशनल हाईवे में गौरव पथ निर्माण, शासकीय हायर सेकेन्डरी स्कूल छछानपैरी का नामकरण स्व. आशाराम डहरिया के नाम पर तथा खोरपा में आई.टी.आई. का निर्माण करने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की है।