कांग्रेस बोली-महाधिवेशन डिस्टर्ब करने की साजिश, ED दफ्तर का करेगी घेराव

रायपुर. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के कम से कम छह नेताओं के यहां प्रवर्तन निदेशालय-ED का छापा पड़ा है। केंद्रीय एजेंसी के अलग-अलग दस्तों ने सोमवार तड़के रायपुर और भिलाई में स्थित इन नेताओं के घरों पर दस्तक दी। छापे वाली जगह के बाहर पूरी गली में सीआरपीएफ के जवान तैनात किये गये हैं। कांग्रेस ने इस कार्यवाही को उनका राष्ट्रीय महाधिवेशन डिस्टर्ब करने की साजिश बताया है।
बताया जा रहा है, ED के अफसरों ने रायपुर के श्रीराम नगर, डीडी नगर, गीतांजलि नगर, मोवा और भिलाई में छापा मारा है। इस कार्रवाई की जद में प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष सन्नी अग्रवाल और विनोद तिवारी आए हैं।
विधायक देवेंद्र यादव और उनके भाई के यहां रेड
भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव और उनके भाई और कांग्रेस नेता धर्मेंद्र यादव के यहां भी ईडी का छापा पड़ा। एक दिन पहले ही विधायक देवेंद्र यादव का जन्मदिन था। सोमवार तड़के ईडी की तीन अलग-अलग टीमें देवेंद्र यादव के सेक्टर 6 बंगले, हाउसिंग बोर्ड स्थित आवास जहां भाई धर्मेंद्र यादव रहते हैं और रायपुर में विधायक देवेंद्र के शासकीय बंगले में पहुंची। ईडी के अधिकारियों ने किसी को भी अंदर से बाहर नहीं जाने दिया है। बंगले के बाहर समर्थकों और मीडिया कर्मियों की भीड़ लगी हुई है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बताया है। उन्होंने कहा, रायपुर में होने जा रहे कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन से भाजपा घबराई हुई हे। उस अधिवेशन को डिस्टर्ब करने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार ने ED का दुरुपयोग करना शुरू किया। इसकी आशंका पहले से थी। भाजपा जब राजनीतिक ढंग से मुकाबला नहीं कर पाती है तो ED और CBI जैसी संस्थाओं को आगे कर देती है। शुक्ला ने कहा, इन हरकतों से हम डरेंगे नहीं, झुकेंगे नहीं। हमारा महाधिवेशन और ज्यादा शानदार ढंग से होगा। हम भाजपा के इस कार्रवाई का मुकाबला करेंगे।
