20 लोगों से भरी पिकअप नहर में गिरी, 2 बच्चे लापता

Chhattisgarh Crimes

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बुधवार रात 20 लोगों से भरी तेज रफ्तार पिकअप बेकाबू होकर नहर में जा घुसी। हादसे में 18 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं 6 साल के दो बच्चे लापता हैं। बताया जा रहा है कि नहर के तेज बहाव में बच्चों के बहने की आशंका है। मामला नगरदा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक दोनों बच्चे अभी लापता हैं। खोजबीन के लिए SDRF की टीम को बुलाया गया है। टीम लगातार बच्चों की तलाश कर रही है। पिकअप से ये सभी जसगीत कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

जसगीत कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे ग्रामीण

बताया जा रहा है कि ग्राम बैलाचूंवा के ग्रामीण बुधवार रात पिकअप से सलीहाभांठा जा रहे थे। पिकअप मोहगांव बरपाली के पास पहुंची थी। इसी दौरान अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। नहर में पिकअप आधी डूब गई थी।

पुलिस की मदद से 18 लोगों को बाहर निकाला गया

हादसे के बाद नहर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल हादसे की जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से 18 लोगों को बाहर निकाला गया है। वहीं JCB की मदद से पिकअप को बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद ड्राइवर का बेटा लापता

पुलिस ने बताया कि लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनको सक्ती जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। लापता बच्चों में ड्राइवर का 6 वर्षीय बेटा इंद्रा और एक ग्रामीण का 6 वर्षीय बेटा अशोक जायसवाल लापता है, जिनकी खोजबीन जारी है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर नशे में चूर था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

नहर के पानी को बंद करने के निर्देश दिए

वहीं सक्ती विधायक डॉ. चरणदास महंत ने कलेक्टर और एसपी से बात की। साथ ही जल संसाधन विभाग को नहर के पानी को बंद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लापता बच्चों की खोजबीन के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा है।

Exit mobile version