
रायपुर। रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय का सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने घेराव किया। ABVP का आरोप है कि 2021-22 के शोधार्थियों को स्कॉलरशिप नहीं दिया गया। जिससे पैसे के अभाव में उन्हें पढ़ाई में परेशानी हो रही है। उधर, घेराव के समाप्त होते ही सूचना आ गयी कि विश्वविद्यालय प्रशासन आगामी 6 मार्च को होने वाली कार्यपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को रखेगा। जिसमें बेहतर सकारात्मक निर्णय लिया जायेगा।
दरअसल रविशंकर यूनिवर्सिटी में पीएचडी के कुछ शोधार्थियों के लिए इंटरव्यू लेने के बाद योग्यता के आधार पर स्कॉलरशिप देने की व्यवस्था है। कोरोना काल के बाद 2021-22 के शोधार्थियों का कार्य अंतिम पड़ाव पर है। जानकारी मिली है कि विश्वविद्यालय प्रशासन के वित्त विभाग ने एक सूचना जारी की है, जिसमें अक्टूबर 2022 से स्कॉलरशिप देने की घोषणा है। ABVP का आरोप है कि वित्त वर्ष 1 अप्रैल से शुरू होता है। यदि स्कॉलरशिप अक्टूबर 2022 से दी जाएगी तो पहले के कई शोधार्थियों को आर्थिक नुकसान होगा।
प्रदर्शन के दौरान ABVP के रायपुर महानगर मंत्री तिलक पोद्दार ने कहा विश्वविद्यालय ने यह निर्णय एकतरफा लिया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन को सदैव छात्र हित को ध्यान में रखना चाहिये। हमारी मांग है कि शोधार्थियों को 1 अप्रैल 2021 से स्कॉलरशिप दिया जाये। आगे तिलक ने कहा इसके पहले भी 2 फरवरी को इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंप चुके हैं। परंतु अब तक उस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया था। ABVP के प्रदर्शन में संगठन के नेताओं के साथ कई स्टूडेंट भी शामिल हुए। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा यह निर्णय वापस नहीं लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गयी।