गणेश पंडाल में हादसा: ब्रेक डांस झूले का लाक खोलकर खड़ा हुआ युवक हुआ हादसे का शिकार, हालत गंभीर

Chhattisgarh Crimes

भिलाई। गुरुवार की देर रात सेक्टर-1 गणेश पंडाल के पास लगे मेले में एक हादसा हुआ। शराब के नशे में धुत एक युवक वहां लगे ब्रेक डांस झूले में झूलने के लिए चढ़ा था। झूले की रफ्तार बढ़ते ही उसने झूले का लाक खोल दिया और बीच में खड़ा हो गया। झूले की रफ्तार ज्यादा होने के कारण वो खुद को संभाल नहीं सका और गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे फौरन नीचे उतारकर डायल 112 के वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। वर्तमान में युवक आइसीयू में है।

पुलिस के मुताबिक सेक्टर-1 में गुरुवार की रात को करीब एक बजे ये घटना हुई। सीजी मिरर्स कल्चर गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश उत्सव का आयोजन किया गया है। समिति द्वारा पंडाल के पास मेला भी लगाया गया है। गुरुवार की रात को तेलीबांधा रायपुर निवासी विनय तोलानी (29) नाम का युवक भी वहां पहुंचा था। वो काफी ज्यादा शराब के नशे में था। वो मेले के ब्रेक डांस वाले झूले पर चढ़ा। लेकिन, झूला शुरू होते ही वो लाक खोलने लगा। उसे देखकर झूले को तुरंत रोक दिया गया और उसे झूले से नीचे उतार दिया गया।

इसके बाद वो फिर से झूले पर चढ़ने की जिद करने लगा। चलते झूले का लाक न खोलने की शर्त पर उसे दोबारा झूले पर चढ़ने दिया गया। लेकिन, दूसरी बार भी उसने चलते झूले का लाक खोल दिया और बीच में खड़ा हो गया। झूले की रफ्तार ज्यादा होने के कारण तुरंत उसे रोका नहीं जा सका। जब तक झूला रुका, तब तक उसके सिर पर गंंभीर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लग चुकी थी। उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया गया। वर्तमान में वो युवक रामनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। उसे आइसीयू में रखकर उसका इलाज किया जा रहा है।