आदित्यनाथ ने कांग्रेस को बताया आतंक की जननी; टीएस सिंहदेव बोले-BJP कर रही है देश को जख्मी

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा के चुनाव होने हैं। वहां के गर्म राजनीतिक माहौल की तपिश छत्तीसगढ़ में भी उबाल ला रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल कांग्रेस को आतंक की जननी कह दिया। जवाब में छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने आदित्यनाथ को जवाब देते हुए कहा कांग्रेस नेता स्वतंत्रता संग्राम के जनक और जननी रहे हैं। देश को जख्मी और उसके नागरिकों को प्रताड़ित तो भाजपा कर रही है।

दरअसल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली। उसमें उन्होंने लिखा, कांग्रेस देश में आतंकवाद की जननी है। देश को जख्म देने वाले लोगों को बर्दाश्त करने की आवश्यकता नहीं है। भाजपा है तो सभी का सम्मान है, आस्था का सम्मान है। कुछ देर बाद ही इस बयान को कोट करते हुए छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने पलटवार किया। उन्होंने लिखा, इतिहास पलटाकर देख लें। कांग्रेस नेता स्वतंत्रता संग्राम के जनक और जननी रहे हैं। देश को जख्मी और उसके नागरिकों को निरंतर प्रताड़ित तो भाजपा कर रही है, जिसने न तो कभी किसी आस्था का सम्मान किया है बल्कि राष्ट्र के आत्मसम्मान को भी तार-तार किया है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सोशल मीडिया अकाउंट ने योगी के बयान को रुपाणी इफेक्ट बताया। लिखा-बारिश गुजरात में हुई, छाता लखनऊ में तन गया। कांग्रेस को गाली देकर सत्ता बचाने की जुगत में एक सत्ताभोगी जुटा है। देश को तो जख्म गांधी जी को सीने में गोली मारकर गोडसे ने दिया था। कांग्रेस की ओर से लिखा गया, गोडसे की परंपरा और विचारधारा के हर बिच्छू का डंक देश की जनता खींचेगी।

कल अमेठी में थी प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के बयानों पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं की ऐसी प्रतिक्रिया लंबे समय बाद दिखी है। बताया जा है कि कल कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के दौरे पर थीं। वे अपने परिवार की पारंपरिक लोकसभा क्षेत्र रायबरेली और अमेठी भी गई थीं। ऐसे समय में योगी का बयान आने के बाद कांग्रेस ने पलटवार शुरू किया।

पहले भी पार्टी पर हमले की हुई है प्रतिक्रिया

भाजपा के केंद्रीय नेताओं अथवा उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में कांग्रेस के ऊपर हुए ऐसे जुबानी हमलों के विरोध में छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिक्रिया देते रहे हैं। पिछले दिनों राहुल गांधी को लेकर दिए केंद्रीय नेताओं के बयान के बाद तीखी प्रतिक्रया देखने को मिली थी। पिछले एक महीने से ऐसी प्रतिक्रियाओं में कमी आई है।