अमलीपदर को तहसील का दर्जा देने पर अमलीपदर युंका अध्यक्ष ने जताया सीएम भूपेश बघेल का आभार

Chhattisgarh Crimes

मैनपुर। अमलीपदर को तहसील बनाने क्षेत्र के ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गयीं है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसकी घोषणा भी कर दी है। जल्द ही अमलीपदर में राजस्व कार्यालय शुरू करने का भी भरोसा दिलाया है। सीएम की घोषणा का कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया है। वही स्थानीय जनता भी सीएम की घोषणा से खुश है।

सीएम भूपेश बघेल ने अपने निवास पर गरियाबंद जिले में सरकार की योजनाओं और जिले के बेहतर विकास के लिए स्थानीय कांग्रेस नेताओं और संगठन पदाधिकारियों से बात की।इसी दौरान अमलीपदर को तहसील बनाने की मांग उठी जिसे सीएम ने तत्काल स्वीकार करते हुए अमलीपदर को तहसील घोषित करते हुए जल्द ही वहां राजस्व कार्यालय खोलने का आश्वासन दिया।

मौजूद सभी स्थानीय नेताओं ने सीएम की इस घोषणा का तालियां बजाकर स्वागत किया। अमलीपदर को तहसील बनाने की घोषणा लंबे समय से हो रही थी। तहसील नही बनने का खामियाजा स्थानीय लोगो को भुगतना पड़ रहा था। मैनपुर तहसील की दूरी अधिक होने के कारण अमलीपदर क्षेत्र के लोगो को लंबा सफर तय करना पड़ता था। जिसके चलते एक ओर जहां लोगो को मैनपुर जाने में समय के साथ पैसे की बर्बादी भी होती थी। अब लोगो को इन चीजों से निजात मिलेगी।

भाजपा शासनकाल में भी अमलीपदर को तहसील बनाने की मांग जोरशोर से उठी थी। कई स्थानीय भाजपा नेताओ ने इसको लेकर पहल भी की थी मगर सफलता कांग्रेस के खाते में आई और भाजपा सिर्फ योजना बनाते रह गयी। कांग्रेस सरकार बनते ही लोगो की समस्या को कम करने के लिए साल भर पहले इंदागांव में अस्थाई राजस्व कार्यालय खोला गया था। अब स्थायी समाधान करते हुए सीएम ने अमलीपदर को तहसील बनाने की घोषणा कर दी।

सीएम की इस घोषणा का असर आगामी विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिल सकता है। अमलीपदर एक बड़ा इलाका है इसका फायदा चुनाव में कांग्रेस को मिल सकता है। वैसे बीते तीन चुनावो में बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा सीट पर भाजपा का कब्जा है। कांग्रेस इस बार इसे अपने कब्जे में लाने कोई कसर बाकी नही छोड़ रही है। अमलीपदर को तहसील का दर्जा देने पर ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज मांझी ने सीएम भूपेश बघेल को हृदय से शुभकामनाएं संप्रेषित करते हुए आभार जताया है।