दुष्कर्म का आरोपी आर्मी जवान UP से गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

​​​​​​​पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिला पुलिस ने बुधवार को दुष्कर्म के आरोपी थल सेना के एक जवान को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी शादी का झांसा देकर युवती से दो साल तक दुष्कर्म करता रहा। जब युवती प्रेग्नेंट हो गई तो शादी से मुकर गया। कुछ दिनों बाद उसने अपना मोबाइल भी स्विच ऑफ कर दिया। परेशान होकर युवती ने थाने में FIR दर्ज करा दी। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है।

SP त्रिलोक बंसल ने बताया कि GPM जिले के गोडा निवासी जवान बृजेश सिंह (21) थल सेना में उत्तर प्रदेश के लखनऊ में तैनात है। वह छुट्टियों के दौरान घर आता था। इस दौरान गांव की एक लड़की उसके संपर्क में आ गई। जवान ने उसे अपने चक्कर में फंसाया और शादी का झांसा दिया। इसके बाद से करीब 2 साल से उसका दैहिक शोषण कर रहा था। आरोप है कि युवती इस बीच प्रेग्नेंट हो गई। उसने कॉल कर आरोपी को इस बारे में जानकारी दी।

युवती का आरोप है कि इसके बाद से जवान बृजेश सिंह ने उस पर अबॉर्शन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती ने मना किया और उससे शादी करने की बात कही। आरोप है कि बृजेश सिंह इस पर युवती को जान से मारने की धमकी देने लगा। कुछ दिनों बाद आरोपी ने अपना मोबाइल भी बंद कर दिया। इस पर एक पुलिस टीम को उसकी गिरफ्तारी के लिए लखनऊ भेजा गया। वहां से पुलिस ने उसे पकड़ा और वैधानिक कार्रवाई कर यहां लेकर आई।