
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक युवक रील बनाने की सनक में अपनी बाइक को 50 फीट ऊंचे तांदुला जलाशय पर चढ़ा दिया। सीढ़ी के बगल पर बने संकरे रास्ते से बाइक चढ़ाकर उसने खतरनाक स्टंट किया। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद अब प्रशासन उसकी तलाश कर रही है।जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान शिवा चुरेन्द्र के रूप में हुई है। उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बाइक से स्टंट करते हुए कई वीडियो अपलोड किए हैं। एक वीडियो में वो बताता है कि जब उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई हुई और चालान की कॉपी उसके घर पहुंची, तो उसने उसे रील बनाकर सोशल मीडिया पर डाला। जिसमें कहा कि, लोगों के यहां अखबार आता है, हमारे यहां चालान। सोशल मीडिया पर अपलोड करता है वीडियो
शिवा चुरेन्द्र ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बालोद और छत्तीसगढ़ के कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर स्टंट करते हुए बाइक चलाने के वीडियो अपलोड किया है। जिसमें वो पहाड़ के ऊपर सीढ़ियों से बाइक चलाते और कई खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहा है।
अपने शौक के लिए किसी दूसरे की जान को खतरे में न डालें- एसडीओपी
इस मामले में एसडीओपी देवांश सिंह ने कहा कि, लापरवाह बाइक राइडर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह चेतावनी दी कि अपने शौक के लिए किसी दूसरे की जान को जोखिम में नहीं डालना चाहिए।