बलरामपुर जिले में जादू टोना के शक में युवक ने एक बुजुर्ग महिला को मार डाला

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जादू टोना के शक में युवक ने एक बुजुर्ग महिला को मार डाला। आरोपी ने नुकीली लकड़ी से महिला की आंखें फोड़ दी। सिर को ईंट से कुचल दिया। आरोपी को शक था कि महिला के काला जादू करने से उसके 2 बच्चों की जान गई है। मामला चांदो थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतिका का नाम तिलासो नाग (65) है, जो नवाडीहकला के पियारटोली की निवासी थी। वहीं मर्डर करने वाले आरोपी का ​नाम ​​​बोडरा उर्फ रूपदेव नाग है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। आरोपी ने सूनेपन का फायदा उठाकर मार डाला।

अब जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, 2 साल पहले आरोपी के बेटे की पानी में डूबने और बेटी की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जबकि तीसरे बच्चे को आंखों से कम दिखाई देता है। ऐसे में आरोपी को लग रहा था कि इन सभी का कारण महिला है। वह काला जादू करती है, जिससे उसके बच्चों की जान गई।

इसी बात को लेकर आरोपी मौके की तलाश में था। इसी बीच आरोपी को पता चला कि महिला की बेटी और दामाद घर में नहीं हैं। वह अंबिकापुर में हैं। उसके घर में कोई नहीं है। महिला अकेली है। 23 फरवरी की रात 11 बजे वह महिला के घर पहुंचा।

इस दौरान आरोपी ने तुमने मेरे परिवार पर जादू टोना किया है कहकर महिला पर ईंट-पत्थर से वार कर दिया। महिला की आंखें फोड़ दी, सिर को ईंट-पत्थर से फोड़ दिया। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भाग गया।

कैसे पता चला कि महिला की हत्या हुई

24 फरवरी को जब काफी देर तक महिला घर से बाहर नहीं निकली तो मितानिन सीमा कुजूर घर पहुंची। महिला को दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई, लेकिन कोई रिप्लाई नहीं आया। घर के अंदर जाकर देखने पर तिलासो की लाश पड़ी थी।

मितानिन सीमा कुजूर ने तत्काल तिलासो के दामाद कलेश्वर नाग को फोन से जानकारी दी। कलेश्वर अपनी पत्नी की डिलीवरी कराने के लिए अंबिकापुर गया था। कलेश्वर ने चांदो पुलिस को फौरन सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। लाश खून से सनी हुई थी।

अब जानिए कैसे पकड़ा गया आरोपी

इसके बाद पुलिस ने हत्या को लेकर गांव में लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि गांव का ही बोडरा उर्फ रूपदेव नाग की तिलासो नाग से दुश्मनी है। वह जादू-टोना का शक करता था। आरोपी का बुजुर्ग महिला के प्रति गुस्सा था। कुछ दिन पहले भी महिला पर लात से वार किया था।

पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। इस दौरान पुलिस को आरोपी ने गुमराह किया। उसने महिला को नहीं मारा है कहता रहा, लेकिन पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की। आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया है।

कोर्ट ने आरोपी को भेजा जेला

चांदो थाने के निरीक्षक दुवेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी को मंगलवार की रात में गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103 के तहत कार्रवाई की गई है। उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

Exit mobile version