सुकमा में 5 साल की बच्ची से हुए रेप मामले में भारतीय जनता महिला मोर्चा ने किया विरोध प्रदर्शन

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। रायपुर में बीजेपी महिला नेताओं ने शुक्रवार को सड़क पर जमकर हंगामा किया। सुकमा में 5 साल की बच्ची से हुए रेप मामले में विरोध प्रदर्शन किया गया। भारतीय जनता महिला मोर्चा की महिलाओं ने गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के बंगले का घेराव किया। पुलिस की बैरिकेडिंग की वजह से महिलाओं ने सड़क पर बैठकर धरना दिया।

इसके बाद महिला कार्यकर्ताओं से पुलिस भिड़ गईं। बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने के दौरान पुलिस ने धकेल कर महिलाओं को रोका। भाजपा नेत्री शैलेंद्री परगनिहा और सब इंस्पेक्टर दिव्या शर्मा आपस में उलझ गए। दोनों के बीच जबरदस्त धक्का मुक्की हुई।

कुछ बैरिकेट्स को हटाकर महिलाएं गृहमंत्री के बंगले के करीब तक पहुंच चुकी थीं। हालांकि पुलिस ने इन्हें रोका, कुछ देर चले हंगामे के बाद यह महिलाएं लौट गईं। सड़क पर धरना देने के दौरान महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालीनी राजपूत ने कहा कि कांग्रेस सरकार में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। सुकमा की इस घटना ने साबित कर दिया है। कानून व्यवस्था का इतना बुरा हाल हो चुका है कि अब नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए प्रदेश के गृह मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।